JNK India IPO : 23 अप्रैल को खुलेगा 650 करोड़ का आईपीओ, प्राइस बैंड और GMP समेत पूरी डिटेल

JNK India IPO : कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 650 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस आईपीओ के तहत 300 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, 349.47 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी

अपडेटेड Apr 22, 2024 पर 5:48 PM
JNK India IPO : जेएनके इंडिया का आईपीओ 23 अप्रैल को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है।

JNK India IPO : जेएनके इंडिया का आईपीओ 23 अप्रैल को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। कंपनी ने इश्यू के लिए 395-415 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। निवेशकों के पास इसमें 25 अप्रैल तक निवेश का मौका रहेगा। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 22 अप्रैल को एक दिन के लिए खुलेगा। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 650 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस आईपीओ के तहत 300 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, 349.47 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। आईपीओ खुलने से पहले कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में बिना किसी प्रीमियम या डिस्काउंट के अपने इश्यू प्राइस के बराबर ट्रेड कर रहे हैं।

JNK India IPO से जुड़ी डिटेल

आईपीओ के तहत 75.94 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे। वहीं, ऑफर फॉर सेल के हिस्से के रूप में मौजूदा शेयरधारकों और प्रमोटरों द्वारा 84.2 लाख शेयरों की बिक्री की जाएगी। OFS में गौतम रामपेली के 11.2 लाख शेयर, जेएनके ग्लोबल के 24.3 लाख शेयर, मैस्कॉट कैपिटल एंड मार्केटिंग के 44 लाख शेयर और मिलिंद जोशी के 46.8 लाख शेयर शामिल हैं।


ऑफर का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35% रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और शेष 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए आरक्षित है। आईपीओ से प्राप्त शुद्ध आय का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। IIFL सिक्योरिटीज और ICICI सिक्योरिटीज आईपीओ के प्रमुख मैनेजर हैं, जबकि लिंक इनटाइम इंडिया रजिस्ट्रार है।

JNK India : क्या करती है कंपनी

JNK India तेल रिफाइनरियों और पेट्रोकेमिकल प्लांट्स जैसे प्रोसेस इंडस्ट्रीज के लिए हीटिंग इक्विपमेंट बनाती है। कंपनी डिजाइन से लेकर इंस्टॉलेशन तक सब कुछ संभालती है और घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों बाजारों में सर्विस प्रोवाइड करती है। भारत में इसकी कंपटीटर थर्मैक्स लिमिटेड हैं। कंपनी ने फ्लेयर्स, इंसीनरेटर सिस्टम में भी विस्तार किया है और ग्रीन हाइड्रोजन के साथ रिन्यूएबल सेक्टर में कदम रख रही है।

JNK India का फाइनेंशियल

JNK India ने FY23 में एक साल पहले के 296.40 करोड़ रुपये के मुकाबले 407.32 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया है। इसके ऑयल और गैस सेगमेंट ने रेवेन्यू में 77 फीसदी का योगदान दिया। वित्तीय वर्ष के लिए नेट प्रॉफिट पिछले वर्ष के 35.98 करोड़ रुपये के मुकाबले 46.36 करोड़ रुपये रहा। 2023 को समाप्त नौ महीने तक कंपनी का कुल कर्ज 56.73 करोड़ रुपये था।

JNK India के पास 845.03 करोड़ रुपये का ऑर्डर बुक

31 दिसंबर 2023 तक कंपनी की ऑर्डर बुक कुल 845.03 करोड़ रुपये थी, जिसमें 86.29 फीसदी भारत से और 13.71 फीसदी विदेशों से था। यह मजबूत ऑर्डर बुक समान अवधि के लिए इसके एनुअल रेवेन्यू के 2.50 गुना के बराबर है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।