Jyoti CNC Automation IPO : ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 16 जनवरी को होने वाली है। इस इश्यू को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली थी और यह कुल 38.53 गुना सब्सक्राइब हुआ था। अब लिस्टिंग को लेकर एक्सपर्ट्स बुलिश नजर आ रहे हैं और उन्होंने 331 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 15 फीसदी से 18 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्टिंग की उम्मीद जताई है। हालांकि, एक्सपर्ट्स ने निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह भी दी है। इस बीच ग्रे मार्केट से भी इश्यू को लेकर पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं।
लिस्टिंग को लेकर क्या है एक्सपर्ट्स की राय
स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट की वेल्थ हेड शिवानी न्याति को उम्मीद है कि ज्योति सीएनसी के शेयर 18% प्रीमियम पर लिस्ट होंगे। उन्होंने कहा, "भारत और एशिया भर में 3,500 से अधिक के मजबूत कस्टमर बेस के साथ कंपनी ने अपनी डायवर्स प्रोडक्ट रेंज और अनुरूप सॉल्यूशन के साथ एक जगह बनाई है।" हालांकि, न्याति ने आगे कहा कि पिछले घाटे और इक्विटी पर नेगेटिव रिटर्न सहित वित्तीय अड़चनों ने ज्योति के अट्रैक्टिव प्रोफाइल पर असर डाला है। एक्सपर्ट ने कहा, "324.5 गुना का भारी प्राइस-टू-अर्निंग रेश्यो, जो इंडस्ट्री के एवरेज 50 गुना से काफी अधिक है, रिस्क फैक्टर को और बढ़ाता है।"
मेहता इक्विटीज के प्रशांत तापसे के अनुसार ज्योति सीएनसी ने अपने इश्यू प्राइस पर 15% की अच्छी लिस्टिंग गेन का संकेत दिया है। इसे सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन निवेशकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया और शेयर बाजार के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने का फायदा होने की उम्मीद है।
तापसे ने कहा कि एयरोस्पेस और डिफेंस से कंपनी की मजबूत ऑर्डर बुक के कारण टॉपलाइन के साथ-साथ बॉटम लाइन पर हेल्दी विजिबिलिटी और सीएनसी मशीन इंडस्ट्री में बढ़ती मांग के कारण लिस्टिंग प्रीमियम उचित है। उन्होंने आगे कहा, "हमें आईपीओ का प्राइमरी ऑब्जेक्टिव भी पसंद है, जो कर्ज को कम करने के लिए है, जिससे कंपनी को ब्याज के बोझ से बाहर आने में मदद मिलेगी, जिससे आने वाले सालों में मुनाफे में सुधार होगा।"
इन सभी फैक्टर्स को ध्यान में रखते हुए तापसे ने निवेशकों को लंबी अवधि के लिए आवंटित शेयरों को 'होल्ड' करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जिन्हें शेयर अलॉट नहीं हुए हैं, वे लिस्टिंग के बाद किसी भी गिरावट का इंतजार करें और तीन से पांच साल तक होल्ड करके रखें।
ग्रे मार्केट का क्या है अपडेट
Jyoti CNC के ग्रे मार्केट प्रीमियम में समय के साथ लगातार गिरावट आई है। किसी समय पर यह इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 30 फीसदी के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था। जो कि आज 15 जनवरी को घटकर 10.88 फीसदी के प्रीमियम पर आ गया है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 367 रुपये के भाव पर होने की संभावना है।
Jyoti CNC Automation के बारे में
ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन सीएनसी मशीन बनाती है। इसकी दो मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी हैं- एक गुजरात में और दूसरी फ्रांस में। इसके भारत के अलावा विदेश में भी क्लाइंट हैं। इसके ग्राहकों की बात करें तो यह इसरो, ब्रह्मोस एयरोस्पेस तिरुवनंतपुरम, टर्किश एयरोस्पेस, टाटा एडवांसेज सिस्टम रोलेक्स किंग्स और नेशनल फिटिंग्स इत्यादि को प्रोडक्ट्स सप्लाई करती है।