Kay Cee Energy & Infra IPO : के सी एनर्जी एंड इंफ्रा के आईपीओ को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। आज 1 जनवरी को सब्सक्रिप्शन के तीसरे दिन तक यह इश्यू 415 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इश्यू के तहत निवेशकों ने 81.16 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां लगाई है जबकि ऑफर पर 21.5 लाख शेयर हैं। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 2 जनवरी तक निवेश का मौका है। कंपनी ने इसके लिए 51-54 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। शेड्यूल के मुताबिक इसकी लिस्टिंग 5 जनवरी को होगी।
सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल
इस आईपीओ को सभी कैटेगरी में निवेशकों की बंपर प्रतिक्रिया मिली है। सबसे अधिक निवेश रिटेल निवेशकों ने किया है और उनका हिस्सा 618.64 गुना सब्सक्राइब हो गया है। वहीं, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा 18.42 गुना और नॉन इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा 459.58 गुना भरा है।
राजस्थान स्थित इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 15.93 करोड़ रुपये जुटाने का है। यह ऑफर 28 दिसंबर को खुला था और 2 जनवरी को बंद हो जाएगा। यह पूरी तरह से 29.5 लाख शेयरों का फ्रेश इश्यू है और इसमें OFS के तहत कोई बिक्री नहीं होगी।
इस आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 3 जनवरी को होने की संभावना है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग NSE SME पर होगी, जिसकी संभावित तारीख 5 जनवरी है। इस हफ्ते लिस्ट होने वाली सभी आईपीओ में यह अंतिम लिस्टिंग होगी। किसी एप्लिकेशन के लिए मिनिमम लॉट साइज़ 2000 शेयर है। रिटेल निवेशकों को इसमें कम से कम ₹108,000 का निवेश करना होगा।
जीवाईआर कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड के सी एनर्जी एंड इंफ्रा आईपीओ का बुक रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड इश्यू का रजिस्ट्रार है। के सी एनर्जी एंड इंफ्रा आईपीओ के लिए मार्केट मेकर गिरिराज स्टॉक ब्रोकिंग है।
के सी एनर्जी एंड इंफ्रा इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन और डिस्ट्रिब्यूशन सिस्टम्स के लिए कंस्ट्रक्शन आदि की सुविधा मुहैया कराती है। सितंबर 2023 तक के सी एनर्जी के पास 549.9 करोड़ रुपये के कुल ऑर्डर बुक मूल्य के साथ 15 प्रोजेक्ट्स हैं। स्वतंत्र रूप से प्रोजेक्ट्स शुरू करने के अलावा कंपनी ने बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए संयुक्त रूप से बोली लगाने और एग्जीक्यूट करने के लिए स्टरलाइट पावर ट्रांसमिशन और जोस्ट इंजीनियरिंग जैसी अन्य इंजीनियरिंग कंपनियों के साथ भी सहयोग किया है।