Kent RO Systems IPO: वॉटर प्योरिफायर बनाने वाली कंपनी केंट आरओ सिस्टम्स अपना IPO लाना चाहती है। इसके लिए कंपनी ने 22 जनवरी को कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास ड्राफ्ट जमा किया है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार, कंपनी के फाउंडर और चेयरमैन महेश गुप्ता, परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कंपनी में 10% हिस्सेदारी या 1.01 करोड़ शेयर बेचेंगे। अभी फाउंडर फैमिली की केंट में 99.77 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
कंपनी के प्रमोटर्स में महेश गुप्ता के अलावा सुनीता गुप्ता और वरुण गुप्ता भी शामिल हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, IPO के तहत ऑफर फॉर सेल में महेश गुप्ता सबसे ज्यादा 5,635,088 इक्विटी शेयर बेचेंगे। सुनीता गुप्ता 3,360,910 शेयर और वरुण गुप्ता 1,098,570 इक्विटी शेयर बेचेंगे। इस तरह प्रमोटर्स, केंट में अपनी 99.77 प्रतिशत हिस्सेदारी में से 10,094,568 शेयर या 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रहे हैं।
Kent RO Systems अपने IPO में नए शेयर जारी नहीं करेगी। गुप्ता ने कंपनी की शुरुआत साल 1999 में की थी। वॉटर प्योरिफायर बिजनेस में केंट के कॉम्पिटीटर्स में यूरेका फोर्ब्स का एक्वागार्ड ब्रांड, हिंदुस्तान यूनिलीवर का प्योरइट ब्रांड, Luminous, AO Smith जैसे नाम शामिल हैं।
वित्त वर्ष 2024 में Kent RO Systems का रेवेन्यू 8.7 प्रतिशत बढ़कर 1,178 करोड़ रुपये हो गया। अप्रैल-सितंबर 2024 अवधि के लिए केंट का रेवेन्यू 637 करोड़ रुपये रहा। इसमें से 85 प्रतिशत रेवेन्यू वॉटर प्योरिफायर बिजनेस से आय और बाकी पंखे और किचन अप्लायंसेज से। कंपनी वैक्यूम क्लीनर भी बनाती है।
Kent RO Systems के पब्लिक इश्यू के लिए मोतीलाल ओसवाल इनवेस्टमेंट एडवायजर्स लिमिटेड और JM फाइनेंशियल लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार Kfin Technologies है। बीएसई के अनुसार, 2025 में अब तक लगभग 14 कंपनियों IPO ला चुकी हैं। 2024 में IPO की झड़ी लग गई थी और भारतीय कंपनियों ने रिकॉर्ड 1.6 लाख करोड़ रुपये जुटाए थे।