Krystal Integrated Services IPO : फैसिलिटीज मैनेजमेंट सर्विसेज कंपनी क्रिस्टल इंटीग्रेटेड सर्विसेज के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 21 मार्च को होने वाली है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जिन निवेशकों को कंपनी के शेयर अलॉट हुए हैं, उन्हें लिस्टिंग पर महज 4 से 5 फीसदी तक का मुनाफा हो सकता है। इस आईपीओ को निवेशकों का ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिला है। हालांकि, सब्सक्रिप्शन के पहले दो दिनों में यह इश्यू पूरी तरह नहीं भर सका था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ठीक-ठाक सब्सक्रिप्शन नंबर और फाइनेंशियल परफॉर्मेंस के चलते इसके निवेशकों को 4 से 5 फीसदी तक का लिस्टिंग गेन मिलने की संभावना है।
हालांकि, एक्सपर्ट्स ने मार्केट में वोलेटैलिटी और कमजोर मार्केट सेंटीमेंट को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इसके चलते निवेशकों को होने वाला प्रॉफिट कम हो सकता है। पिछले हफ्ते की रिकॉर्ड हाई से BSE और NSE करीब 3 परसेंट करेक्ट हो चुका है।
पेस 360 के को-फाउंडर अमित गोयल ने कहा, "हमें लगभग 740-750 रुपये प्रति शेयर पर हल्की लिस्टिंग की उम्मीद है, जिसके चलते 715 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर लगभग 4 फीसदी का लिस्टिंग गेन हो सकता है।" हालांकि, उन्हें लगता है कि 2024 को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष में कंपनी की एनुअल अर्निंग के आधार पर IPO का प्राइस उचित है। स्टॉक्सबॉक्स के रिसर्च एनालिस्ट पार्थ शाह के अनुसार कंपनी को अपने इश्यू प्राइस से लगभग 5 फीसदी अधिक प्रीमियम के साथ लिस्ट होने की उम्मीद है।
13.21 गुना सब्सक्रिप्शन हुआ इश्यू
इस आईपीओ को निवेशकों का ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिला है। सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन तक यह 13.21 गुना सब्सक्राइब हो गया। इसके तहत क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB) के हिस्से को 7.33 गुना और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 43.91 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसके अलावा, रिटेल इनवेस्टर्स का हिस्सा 3.32 गुना भरा है।
Krystal Integrated Services IPO से जुड़ी डिटेल
IPO में नए शेयरों को जारी करके हासिल होने वाली आय में से 10 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 10 करोड़ रुपये से नई मशीनरी खरीदी जाएगी और 100 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए खर्च होंगे। बाकी के पैसे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे।
Krystal Integrated Services B2B मॉडल पर काम करती है। यह हाउसकीपिंग, सैनिटेशन, लैंडस्केपिंग, गार्डेनिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, प्लंबिंग, वेस्ट मैनेजमेंट, पेस्ट कंट्रोल, फैकेड क्लीनिंग जैसी सर्विसेज के साथ-साथ प्रोडक्शन सपोर्ट, वेयरहाउस मैनेजमेंट, एयरपोर्ट मैनेजमेंट जैसी सर्विसेज भी उपलब्ध कराती है। कंपनी स्टाफिंग, पेरोल मैनेजमेंट, प्राइवेट सिक्योरिटी, कैटरिंग सर्विसेज की भी पेशकश करती है।