LIC IPO : भारतीय जीवन बीमा निगम (Life Insurance Corporation) यानी एलआईसी के IPO को लेकर बाजार में जोश बना हुआ है। इसका IPO लॉन्च होने की घोषणा के बाद एलआईसी के 6.48 करोड़ पॉलिसीहोल्डर्स ने देश की इस सबसे बड़ी बीमा कंपनी के शेयर खरीदने को लेकर दिलचस्पी दिखाई है।
वित्त मंत्रालय के तहत आने वाले डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM) में निदेशक राहुल जैन ने कहा, ‘‘IPO को लेकर जबर्दस्त प्रतिक्रियाएं मिली हैं। इसके कुछ आंकड़े हमारे पास हैं, मसलन 6.48 करोड़ पॉलिसीधारकों ने कट-ऑफ तिथि (28 फरवरी, 2022) तक अपने पैन नंबर को पॉलिसी डिटेल के साथ जोड़ दिया है।’’
पॉलिसीहोल्डर्स के लिए 10 फीसदी हिस्सा रिजर्व
LIC ने अपने 21,000 करोड़ रुपये के IPO के लिए मूल्य दायरा 902-949 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इसके पॉलिसीहोल्डर्स के लिए 10 फीसदी हिस्सा रिजर्व किया गया है। जैन ने कहा, ‘‘पॉलिसीहोल्डर्स ने अगर अपने पैन कार्ड (PAN Card) की जानकारी 28 फरवरी तक पॉलिसी डिटेल में जोड़ दी है, तो वे रिजर्व श्रेणी के जरिये LIC IPO में भागीदारी कर सकते हैं।
पॉलिसीहोल्डर्स को मिल रही 60 रुपये की छूट
दीपम निदेशक ने कहा कि कोई भी पॉलिसीहोल्डर रिजर्व श्रेणी में दो लाख रुपये तक का निवेश कर सकता है और रिटेल इनवेस्टर की श्रेणी में भी दो लाख रुपये तक का निवेश कर सकता है। IPO में एलआईसी पॉलिसीहोल्डर्स को 60 रुपये की छूट मिलेगी। जैन ने कहा कि ये 6.48 लाख पॉलिसीधारक आईपीओ में भागीदारी कर सकते हैं, बशर्ते वे डीमैट खाता (demat account) खुलवा लें।
1.21 करोड़ पॉलिसीहोल्डर्स ने खुलवाए डीमैट खाते
जैन ने कहा कि डिपॉजिटरीज से मिली जानकारी के मुताबिक, पॉलिसीहोल्डर्स अभी तक 1.21 करोड़ डीमैट खाते खुलवा चुके हैं। जैन ने कहा, कंपनी का सही मूल्य कैपिटल मार्केट तय करता है। इसलिए, आपको कैपिटल मार्केट के साथ शुरुआत करनी है।
कंपनी का IPO चार मई को खुलकर नौ मई को बंद होगा। बोलियां 15 शेयरों के लॉट में लगाई जा सकेंगी।