Macfos IPO: ई-कॉमर्स कंपनी मैकफोस (Macfos) के आईपीओ को लेकर निवेशकों का शानदार दूसरा रुझान दिख रहा है। 24 करोड़ रुपये के इस इश्यू के सब्सक्रिप्शन का आज दूसरा दिन है और खुदरा निवेशकों का रुझान जबरदस्त दिख रहा है। खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा 93 गुना से अधिक सब्सक्राइब हो चुका है। ओवरऑल यह इश्यू 45 गुना सब्सक्राइब हुआ है। पहले दिन यह इश्यू 8 गुना सब्सक्राइब हुआ था। ग्रे मार्केट में भी शेयरों की मांग मजबूत है। इसके शेयर ग्रे मार्केट में 79 रुपये की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर ट्रेड हो रहे हैं। इस इश्यू का प्राइस बैंड 96-102 रुपये है। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स के आधार पर निवेश का फैसला करना चाहिए।
कैटेगरीवाइज सब्सक्रिप्शन स्टेटस
क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स (QIB)- 6.46 गुना
मैकफोस का 24 करोड़ रुपये का इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) का है। कंपनी के मौजूदा शेयरधारक इश्यू के तहत 23.28 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री करेंगे। यह इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 17 फरवरी को खुला था और कल 21 फरवरी तक इसमें पैसे लगा सकेंगे। इश्यू के लिए 96-102 रुपये का प्राइस बैंड और 1200 शेयरों का प्राइस बैंड है। इश्यू का 50 फीसदी हिस्सा QIB, 15 फीसदी हिस्सा NII और 35 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 24 फरवरी को फाइनल होगा और इसके बाद 1 मार्च को बीएसई एसएमई पर लिस्टिंग होगी।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
मैकफोस ने अपना कारोबार 2017 से शुरू किया था। इसकी एक ई-कॉमर्स वेबसाइट और मोबाइल ऐप Robu.in है। यह कंपनी रोबोटिक पार्ट्स, ई-बाइक पार्ट्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और वायरलेस आइटम्स, 3डी प्रिंटर और पार्ट्स, सेंसर्स, मोटर्स, मोटर ड्राइवर्स, पंप्स, बैटरीज, चार्जर्स और इलेक्ट्रॉनिक मॉड्यूल्स एंड डिस्प्ले इत्यादि जैसे मैकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की बिक्री करती है।
30 सितंबर 2022 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इसके देश-विदेश में 140 से अधिक वेंडर्स हैं। यह ओएनजीसी, एमएंडएम, एचएएल, टाटा पॉवर सोलर सिस्टम्स, भारत फोर्जे, टाटा कम्यूनिकेशंस इत्यादि कंपनियों को प्रोडक्ट्स सप्लाई करती है। वित्त वर्ष 2021-22 में इसे देश भर से 2 लाख से अधिक ऑर्डर हासिल हुए थे। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2019-20 में इसे 32.97 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2021 में बढ़कर 1.58 करोड़ रुपये और फिर अगले वित्त वर्ष 2022 में 6.01 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।