Mankind Pharma IPO : भारत की सबसे बड़ी अनलिस्टेड फार्मा कंपनियों में से एक क्रिसकैपिटल (ChrysCapital) के निवेश वाली मैनकाइंड फार्मा ने 2022 में अपना मेगा IPO लॉन्च करने के लिए इनवेस्टमेंट बैंकर्स (investment bankers) के साथ शुरुआती बातचीत शुरू कर दी है। इंडस्ट्री से जुड़े कई सूत्रों ने मनीकंट्रोल से बातचीत में यह जानकारी दी है। मैनकाइंड फार्मा सबसे ज्यादा बिकने वाला कंडोम ब्रांड मैनफोर्स कंडोम्स (Manforce Condoms), कैलोरी 1 (Kaloree 1) और प्रेगा न्यूज (Prega News) कई बड़े उत्पाद बनाती है।
इनवेस्टर्स को आंशिक रूप से निकलने का मिलेगा मौका
एक सूत्र ने कहा, “इस सप्ताह की शुरुआत में मैनकाइंड फार्मा के प्रस्तावित IPO पर चर्चा शुरू हुई है। अभी बातचीत शुरुआती चरण में हैं और इसके जरिए कंपनी इनवेस्टर्स को आंशिक रूप से निकलने का मौका दिया जाएगा, जो एक निश्चित समयसीमा में रिटर्न की उम्मीद कर रहे हैं।”
इन इनवेस्टर्स का कंपनी में है निवेश
ड्रगमेकर कंपनी में क्रिसकैपिटल के अलावा कैपिटल इंटरनेशनल (Capital International) और सिंगापुर की जीआईसी (GIC) का भी कंपनी में निवेश है। 2015 में कैपिटल इंटरनेशनल ने 20 करोड़ डॉलर में क्रिस कैपिटल से मैनकाइंड फार्मा (Mankind Pharma) की 11 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। अप्रैल, 2018 में क्रिसकैपिटल की अगुआई वाले कंसोर्टियम ने एक बार फिर से वापसी करते हुए 35 करोड़ डॉलर में कंपनी की 10 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली थी। इस कंसोर्टियम में जीआईसी और सीपीपीआईबी शामिल थीं।
10 अरब डॉलर तक हो सकती है वैल्युएशन
एक अन्य सूत्र ने कहा कि मैनकाइंड फार्मा की वैल्युएशन 8 से 10 अरब डॉलर के बीच हो सकती है। उन्होंने कहा, यह एक कैश रिच कंपनी है और यह IPO मुख्य रूप से ऑफर फॉर सेल (OFS) हो सकता है।
एक तीसरे सूत्र ने इस वैल्युएशन की पुष्टि करते हुए कहा कि तेजी से उभरती कंपना का साइज खासा बड़ा हो चुका है और लिस्टिंग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि डील के लिए इनवेस्टमेंट बैंकर्स का सिंडीकेट अप्रैल में तय किया जा सकता है।
अगर न्यूनतम 10 फीसदी हिस्सेदारी बेचने पर विचार किया जाता है, तो प्रस्तावित IPO 80 करोड़ से 1 अरब डॉलर की रेंज में हो सकता है। इस प्रकार के इसके फार्मा इंडस्ट्री का सबसे बड़ा IPO बनने की संभावना है।