Mankind Pharma IPO: दवा कंपनी मैनकाइंड फार्मा का बहुप्रतीक्षित आईपीओ मंगलवार 25 अप्रैल को खुल रहा है। हालांकि आईपीओ खुलने से एक दिन पहले ही कंपनी ने एंकर निवेशकों (Anchor Investors) से करीब 1,297.9 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। मैनकाइंड फार्मा ने सोमवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। कंपनी के IPO में निवेश करने वाले प्रमुख एंकर निवेशकों में CPP इनवेस्टमेंट बोर्ड, जीआईसी, अबूधाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी (ADIA), गोल्डमैन सैक्स और ब्लैकरॉक शामिल हैं। इसके अलावा कई प्रमुख घरेलू म्यूचुअल फंडों ने भी बतौर एंकर निवेशक इस IPO में निवेश किया है।
Mankind Pharma का आईपीओ रिटेल निवेशकों के लिए मंगलवार 25 अप्रैल को खुलेगा और 27 अप्रैल को बंद होगा। कंपनी ने अपने IPO के लिए 1,026 से 1,080 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है।
कंपनी ने बताया कि एंकर निवेशकों को ऊपरी प्राइस बैंड यानी 1,080 रुपये प्रति शेयर के भाव पर कुल 1.2 करोड़ शेयर आवंटित किए गए हैं। कुल 77 निवेशकों ने एंकर इश्यू के जरिए Mankind Pharma के IPO में पैसा लगाया है।
Mankind Pharma ने अपने आईपीओ के जरिए करीब 4 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा है। यह IPO पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) पर है और कंपनी कोई नए शेयर नहीं जारी कर रही है। इसका मतलब है कि सभी शेयरों को कंपनी के प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों ने बिक्री के लिए रखा है।
OFS के तहत, कंपनी के प्रमोटरों में शामिल रमेश जुनेजा, राजीव जुनेजा और शीतल अरोड़ा कुल 1 करोड़ से अधिक शेयरों को बेचेंगे। वहीं बाकी के शेयरों को केयर्नहिल CIPEF, केयर्नहिल CGPE, बीज और लिंक इनवेस्टमेंट ट्रस्ट जैसे निवेशकों की ओर से बिक्री के लिए रखा जाएगा।
1,080 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी अपने IPO से करीब 4,326.35 करोड़ रुपये जुटाने की योजना में है।