Medi Assist Healthcare Services IPO : मेडी असिस्ट हेल्थकेयर सर्विसेज का आईपीओ 15 जनवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। यह ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन के बाद मौजूदा माह में मेनबोर्ड सेगमेंट में दूसरा आईपीओ होने वाला है। निवेशक इसमें 17 जनवरी तक निवेश कर सकेंगे। मेडी असिस्ट इंश्योरेंस कंपनियों को थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेशन सर्विसेज उपलब्ध कराती है। इसके लिए 397-418 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा गया है। कंपनी का इरादा 1171.58 करोड़ रुपये जुटाने का है। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर आज 10 जनवरी को 19 फीसदी प्रीमियम पर उपलब्ध हैं।
एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 12 जनवरी को एक दिन के लिए खुलेगा। इस आईपीओ के तहत 2,80,28,168 शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। इसमें फ्रेश इक्विटी शेयर जारी नहीं होंगे।
प्रमोटरों में डॉ. विक्रम जीत सिंह छतवाल 25,39,092 इक्विटी शेयर, मेडिमैटर हेल्थ मैनेजमेंट 1,24,68,592 इक्विटी शेयर (विक्रम जीत सिंह छतवाल के साथ संयुक्त रूप से रखे गए 5,37,080 इक्विटी शेयर सहित) और बेसेमर हेल्थ कैपिटल एलएलसी 66,06,084 इक्विटी शेयर OFS के जरिए बेचेंगे। शेष 1,38,694 इक्विटी शेयर अन्य 9 शेयरधारकों द्वारा बेचे जाएंगे। इसके अलावा, विक्रम जीत सिंह छतवाल और बेसेमर हेल्थ कैपिटल एलएलसी अपनी पूरी पर्सनल शेयरहोल्डिंग बेचकर कंपनी से बाहर निकल जाएंगे।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
मेडी असिस्ट आईपीओ का मुख्य मकसद ओएफएस को पूरा करना और शेयर बाजारों पर इक्विटी शेयरों को लिस्ट करने के लाभों को प्राप्त करना है। कंपनी को उम्मीद है कि इस कदम से विजिबिलिटी और ब्रांडिंग में वृद्धि होगी। कंपनी को ऑफर से कोई आय नहीं मिलेगी। ऑफर से प्राप्त सारी आय बिक्री करने वाले शेयरधारकों के पास जाएगी।
मेडी असिस्ट हेल्थकेयर सर्विसेज आईपीओ में निवेशक कम से कम 35 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इसमें खुदरा निवेशकों को कम से कम 14,630 रुपये (35 शेयरों के लिए) का निवेश करना होगा।
ऑफर साइज का आधा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा, आईपीओ के 15 फीसदी शेयर नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल) के लिए आरक्षित हैं और शेष 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए रखा गया है।
सितंबर 2023 को समाप्त छह महीनों में टॉप पांच क्लाइंट्स ने रेवेन्यू का 71 फीसदी हिस्सा जनरेट किया। यानी एक या अधिक ग्राहकों के खोने से इसके बिजनेस पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। TPA इंडस्ट्री में जमकर कंपटीशन है। इसका वित्तीय प्रदर्शन समय पर इनवाइसिंग और प्राप्तियों के कलेक्शन पर निर्भर है। कानूनों, नियमों और रेगुलेशन को बदलने और कानूनी अनिश्चितताओं से बिजनेस पर असर पड़ सकता है।
सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 18 जनवरी को होगा। वहीं, निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर 19 जनवरी को क्रेडिट हो जाएंगे। मेडी असिस्ट हेल्थकेयर सर्विसेज आईपीओ के शेयरों की लिस्टिंग 22 जनवरी को होने की संभावना है।