Muthoot Microfin IPO : मुथूट फाइक्रोफिन के शेयरों की लिस्टिंग 26 दिसंबर को होने वाली है। इसे सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन तक निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली और यह 11.52 गुना सब्सक्राइब हुआ है। अब लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। इश्यू के लिए 277-291 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया था। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 960 करोड़ रुपये जुटाने का है।
ग्रे मार्केट में Muthoot Microfin के IPO को लेकर पॉजिटिव संकेत दिख रहे हैं। आज 24 दिसंबर को यह इश्यू 31 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से शेयरों की लिस्टिंग 322 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को करीब 11 फीसदी का लिस्टिंग गेन मिलेगा।
हालांकि, पब्लिक इश्यू के GMP में कुछ गिरावट जरूर देखी गई है। शुरुआत में यह आईपीओ 36 फीसदी के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था। बाद में यह गिरते-गिरते करीब 11 फीसदी पर आ गया है। ध्यान रहे कि ग्रे मार्केट प्रीमियम केवल एक इंडिकेटर है और इसमें बदलाव की संभावना बनी रहती है।
सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल
इस आईपीओ को कुल 28.10 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली है जबकि ऑफर पर 2.43 करोड़ शेयर थे। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा 17.47 गुना सब्सक्राइब हुआ है। नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के हिस्से को 13.20 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं, रिटेल इनवेस्टर्स का हिस्सा 7.61 गुना भरा है।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
आईपीओ से होने वाली आय का इस्तेमाल मुख्य रूप से भविष्य की कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए अपने कैपिटल बेस को बढ़ाने के लिए किया जाएगा। कंपनी का AUM (एसेट अंडर मैनेजमेंट) FY23 में 47.22% और FY22 में 25.43% बढ़ा है। कंपनी ने कहा, "बिजनेस की ग्रोथ के लिए पूंजी निवेश की जरूरत है और इस तरह के पूंजी निवेश से क्रेडिट रेटिंग में भी सुधार होगा जिससे कंपनी को बेहतर ब्याज दर पर फंड हासिल करने में मदद मिलेगी।"