Muthoot Microfin का IPO 18 दिसंबर को खुलेगा, 960 करोड़ रुपये जुटाने का है इरादा

Muthoot Microfin IPO : इस आईपीओ के तहत 760 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 200 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। कर्मचारियों के लिए 10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर आरक्षित किए हैं

अपडेटेड Dec 12, 2023 पर 6:05 PM
Muthoot Microfin IPO के लिए ओपनिंग डेट 18 दिसंबर तय की गई है।

Muthoot Microfin IPO : मुथूट माइक्रोफिन ने अपने आईपीओ के लिए ओपनिंग डेट 18 दिसंबर तय की है। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 960 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस कंपनी में यूके बेस्ड प्राइवेट इक्विटी इनवेस्टर ग्रेटर पैसिफिक कैपिटल का निवेश है। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 20 दिसंबर तक निवेश का मौका होगा। कंपनी इसके लिए प्राइस बैंड की घोषणा कुछ दिनों में करेगी। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू 15 दिसंबर को एक दिन के लिए खुलेगा।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

इस आईपीओ के तहत 760 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 200 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। मुथूट माइक्रोफिन ने अपने कर्मचारियों के लिए 10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर आरक्षित किए हैं, जिन्हें फाइनल इश्यू प्राइस से डिस्काउंट पर ऑफर किए जा सकते हैं।


OFS के हिस्से के रूप में प्रमोटर थॉमस जॉन मुथूट, थॉमस मुथूट, थॉमस जॉर्ज मुथूट, प्रीति जॉन मुथूट, रेमी थॉमस और नीना जॉर्ज 150 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे। वहीं, इनवेस्टर ग्रेटर पैसिफिक कैपिटल WIV ओएफएस के जरिए 50 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे।

मुथूट माइक्रोफिन सहित प्रमोटरों के पास कंपनी में 69.08 फीसदी हिस्सेदारी है और शेष 28.53 फीसदी हिस्सेदारी पब्लिक के पास है, जिसमें ग्रेटर पैसिफिक कैपिटल WIV (19.06 फीसदी हिस्सेदारी) और इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट फर्म क्रिएशन इन्वेस्टमेंट्स इंडिया एलएलसी (9.01 फीसदी हिस्सेदारी) शामिल हैं। इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर ICICI सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल, जेएम फाइनेंशियल और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स हैं।

कहां होगा फंड का इस्तेमाल

आईपीओ से होने वाली आय का इस्तेमाल मुख्य रूप से भविष्य की कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए अपने कैपिटल बेस को बढ़ाने के लिए किया जाएगा। कंपनी का AUM (एसेट अंडर मैनेजमेंट) FY23 में 47.22 फीसदी और FY22 में 25.43 फीसदी बढ़ा है। कंपनी ने कहा, "बिजनेस की ग्रोथ के लिए पूंजी निवेश की जरूरत है और इस तरह के पूंजी निवेश से क्रेडिट रेटिंग में भी सुधार होगा जिससे कंपनी को बेहतर ब्याज दर पर फंड हासिल करने में मदद मिलेगी।"

सब्सक्रिप्शन के बाद कंपनी 21 दिसंबर तक सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट कर सकती है। वहीं, 22 दिसंबर तक पात्र निवेशकों के डीमैट अकाउंट में इक्विटी शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। आईपीओ शेड्यूल के अनुसार, कंपनी 26 दिसंबर को BSE और NSE पर अपने इक्विटी शेयर लिस्ट करेगी। 25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी के कारण बाजार और बैंक बंद रहेंगे।

कंपनी का फाइनेंशियल

कोच्चि स्थित माइक्रोफाइनेंस इस्टीट्यूशनल का नेट प्रॉफिट मार्च FY23 को समाप्त वर्ष में सालाना 246 फीसदी बढ़कर 163.9 करोड़ रुपये हो गया। इसी अवधि के दौरान रेवेन्यू 71.6 फीसदी बढ़कर 1,428.8 करोड़ रुपये हो गया है।

नेट इंटरेस्ट इनकम (अर्जित ब्याज और ब्याज व्यय के बीच का अंतर) पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 79 फीसदी बढ़कर 879.7 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, नेट इंटरेस्ट मार्जिन 200 bps बढ़कर 11.6 फीसदी हो गया।

सितंबर FY24 को समाप्त छह महीने की अवधि में PAT एक साल पहले की अवधि की तुलना में 16.5 गुना बढ़कर 205.2 करोड़ रुपये हो गया, जबकि इसी अवधि के दौरान नेट इंटरेस्ट इनकम 65.6 फीसदी बढ़कर 627 करोड़ रुपये हो गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।