Honasa Consumer IPO: इस साल 2022 की पहली यूनीकॉर्न (100 डॉलर से अधिक वैल्यू वाला स्टार्टअप) होनासा कंज्यूमर आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। Honasa Consumer मामाअर्थ (Mamaearth), The Derma Co और BBlunt की पैरेंट कंपनी है। इसने बाजार नियामक सेबी (SEBI) के पास आईपीओ के लिए ड्राफ्ट दाखिल कर दिया है। इस इश्यू के तहत नए शेयर के साथ-साथ मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के जरिए भी शेयरों की बिक्री करेंगे। मनीकंट्रोल को मिली जानकारी के मुताबिक आईपीओ के तहत 400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। इसके अलावा 4,68,19,635 इक्विटी शेयरों की ओएफएस विंडो के तहत बिक्री होगी। इस इश्यू के जरिए बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा समेत अन्य शेयरहोल्डर्स कंपनी में अपनी हिस्सेदारी कम करेंगे।
3000 करोड़ का हो सकता है Honasa Consumer IPO
जानकारी के मुताबिक यह आईपीओ 2400-3000 करोड़ रुपये का हो सकता है। हालांकि अभी इस बारे में कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। यह आईपीओ अगले साल मार्च तक आ सकता है लेकिन सूत्रों ने यह भी कहा कि यह उस समय बाजार की परिस्थितियों पर भी निर्भर करेगा। इस आईपीओ के जरिए Alaghs, सोफिना वेंचर्स एसए (Sofina Ventures SA), इवॉल्वेंस (Evolvence), फायरसाइड वेंचर्स (Fireside Ventures), स्टेलरिस वेंचर्स पार्टनर्स (Stellaris Venture Partners), स्नैपडील फाउंडर कुणाल बहल, बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, रिषभ हर्ष मारीवाला और रोहित कुमार बंसल अपनी हिस्सेदारी कम करेंगे। ओएफएस में Sequoia Capital हिस्सा नहीं लेगी।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
D2C (डायरेक्ट टू कंज्यूमर) कंपनी Honasa Consumer ब्यूटी, स्किनकेयर और बेबीकेयर सेग्मेंट हैं। इसे वर्ष 2016 में शॉर्क टैंक वाले पति-पत्नी वरुण और गजल अलघ ने शुरू किया था। 120 करोड़ डॉलर के वैल्यूएशन पर Sequoia Capital से जनवरी में 5.2 करोड़ डॉलर जुटाने के बाद इसे यूनीकॉर्न का स्टेटस मिला। वित्त वर्ष 2022 में कंपनी मुनाफे में आई और इसे 20 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ। इसके अलावा कंपनी का रेवेन्यू भी 102 फीसदी उछलकर 952 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी ने विज्ञापनों पर 391 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
कंपनी के दावे के मुताबिक यह वित्त वर्ष 2022 के रेवेन्यू के हिसाब से देश की सबसे बड़ी डिजिटल-फर्स्ट बीपीसी ( ब्यूटी और पर्सनल केयर) कंपनी है। बीपीसी प्रोडक्ट्स का मार्केट तेजी से बढ़ रहा है और कंपनी का आकलन है कि यह वित्त वर्ष 2021 में 1700 करोड़ डॉलर से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 3 हजार करोड़ डॉलर पर पहुंच जाएगा। यह ग्रोथ अन्य रिटेल कैटेगरी से काफी तेज है।