Pentagon Rubber IPO: कंवेयर बेल्ट बनाने वाली दिग्गज कंपनी पेंटागन रबर का आईपीओ अगले हफ्ते सोमवार 26 जून को खुलेगा। इस इश्यू के तहत सिर्फ नए शेयर जारी होंगे और ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत शेयरों की बिक्री नहीं होगी। आईपीओ की सफलता के बाद इसके शेयरों की एंट्री एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म NSE SME पर होगी। ग्रे मार्केट की बात करें तो आईपीओ के प्राइस बैंड के अपर प्राइस के हिसाब से यह 18 रुपये की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) यानी करीब 26 फीसदी प्रीमियम पर हैं। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फाइनेंशियल्स और फंडामेंटल्स के आधार पर निवेश का फैसला लेना चाहिए। नीचे इस इश्यू से जुड़ी सभी अहम जानकारियां दी जा रही हैं।
Pentagon Rubber IPO की डिटेल्स
पेंटागन रबर का 16.17 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 26 जून से 30 जून के बीच खुलेगा। इस इश्यू के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 23.10 लाख नए इक्विटी शेयर जारी होंगे। इस इश्यू में निवेशक 65-70 रुपये के प्राइस बैंड और 2000 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकेंगे। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 5 जुलाई को फाइनल होगा। इश्यू का रजिस्ट्रार लिंक इनटाइम इंडिया है। इसके बाद शेयरों की एनएसई एसएमई पर 10 जुलाई को एंट्री होगी। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
Pentagon Rubber के बारे में
पेंटागन रबर लिमिटेड रबर कन्वेयर बेल्ट, ट्रांसमिशन बेल्ट, रबर शीट और एलेवेटर बेल्ट बनाती है। इसका प्लांट पंजाब में चंडीगढ़ से 25 किमी दूर डेरा बस्सी में है। कन्वेयर बेल्टिंग प्रेसेस के मामले में यह देश की बड़ी कंपनियों में शुमार है और एक बार में यह 21 मीटर का प्रोडक्शन करती है। इसकी सालाना 300 वर्ग किमी से अधिक कंवेयर रबर बेल्ट बनाने की क्षमता है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 को छोड़कर इसका मुनाफा लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2020 में इशे 93.81 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष बढ़कर 1.10 करोड़ रुपये, फिर वित्त वर्ष 2022 में 3.09 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2023 इसका शुद्ध मुनाफा घटकर 2.16 करोड़ रुपये पर आ गया।