Ola Electric Mobility Limited IPO: निवेशकों को इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक के आईपीओ का बेसब्री से इंतजार है। हालांकि, निवेश से पहले इसके सभी पहलुओं को समझना जरूरी है, ताकि बाद में पछतावा ना हो। किसी भी आईपीओ में निवेश से पहले ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP को अहम माना जाता है। इसके जरिए आप अंदाजा लगा सकते हैं कि किसी आईपीओ में लिस्टिंग पर कितना मुनाफा होने की संभावना है। हालांकि, ध्यान रहे कि ग्रे मार्केट की स्थिति लगातार बदलती रहती है। बता दें कि ओला इलेक्ट्रिक इस आईपीओ के जरिए 6,145.56 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। यह इश्यू 2 अगस्त से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 6 अगस्त को बंद होगा।
OLA Electric IPO का ग्रे मार्केट अपडेट
ओला इलेक्ट्रिक का आईपीओ खुलने से पहले ग्रे मार्केट में इसकी अच्छी-खासी डिमांड दिख रही है। आज 31 जुलाई को यह इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 16.50 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 92.5 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 21.71 फीसदी का मुनाफा होगा। बता दें कि कल यानी 30 जुलाई को यह इश्यू 16.50 रुपये के प्रीमियम पर ही ट्रेड कर रहा था।
OLA Electric IPO: प्राइस बैंड समेत तमाम डिटेल
ओला इलेक्ट्रिक के आईपीओ के लिए 72-76 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। इसके तहत 5500 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे। वहीं, 645.56 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए होगी। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू एक दिन के लिए 1 अगस्त को खुलेगा।
इस आईपीओ में निवेशक 195 शेयरों के लॉट में बोली लगा सकेंगे। एंप्लॉयीज को हर शेयर पर 7 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। इश्यू का 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB), 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स और 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।
OFS के हिस्से के रूप में प्रमोटर भाविश अग्रवाल के साथ-साथ सॉफ्टबैंक, टेमासेक, मैट्रिक पार्टनर्स इंडिया जैसे निवेशक भी अपनी हिस्सेदारी हल्की करेंगे। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों के इस्तेमाल की बात करें तो ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों के इस्तेमाल की बात करें तो इसमें से 1600 करोड़ रुपये कंपनी R&D पर निवेश करेगी।
OLA Electric का फाइनेंशियल
वित्त वर्ष 2024 में ओला इलेक्ट्रिक घाटा बढ़ा है। कंपनी का कारोबार सिर्फ इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में है। यह ईवी और ईवी के कंपोनेंट्स बनाती है। इसने सात प्रोडक्ट्स पेश कर दिए हैं और चार नए का ऐलान कर दिया है। मार्च 2024 तक के आंकड़ों के हिसाब से ओमनीचैनल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए ओला इलेक्ट्रिक के पास 870 एक्सपीरिएंस सेंटर्स, 431 सर्विस सेंटर्स हैं। कंपनी को लगातार घाटा हो रहा है और वित्त वर्ष 2024 में इसका शुद्ध घाटा 1,472.08 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,584.40 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान रेवेन्यू 2,782.70 करोड़ रुपये से उछलकर 5,243.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।