Ola Electric IPO : इलेक्ट्रिक टू-व्हीकल बनाने वाली ओला इलेक्ट्रिक का IPO आज खुल गया है। इस इश्यू का प्राइस बैंड 72 से 76 रुपये प्रति शेयर के बीच है। कंपनी की इस प्राइस बैंड से 6145 करोड़ रुपए जुटाने की योजना है। आईपीओ में एंकर निवेशकों ने 2,763 करोड़ रुपए लगाए हैं। ओला इलेक्ट्रिक का IPO आज खुलकर 6 अगस्त को बंद होगा। इस IPO में एंकर निवेशक के तौर पर SBI MF, HDFC MF, सुदंरम MF. निप्पॉन इंडिया, नोमुरा इन्वेस्टमेंट फंड, GOLDMAN SACKS सिंगापुर और गवर्नमेंट पेंशन फंड ग्लोबल शामिल हुए हैं।
इलेक्ट्रिक टू-व्हील मोबिलिटी की बात करें तो इसमें जून 2024 तक ओला की बाजार हिस्सेदारी 46.2 फीसदी थी। वहीं, TVS मोटर की बाजार हिस्सेदारी 17.5 फीसदी, बजाज ऑटो का बाजार हिस्सेदारी 11.3 फीसदी, एथर एनर्जी की हिस्सेदारी 7.7 और हीरो मोटो की बाजार हिस्सेदारी 3.9 फीसदी है।
आईपीओ में लंबे नजरिए से ही करें निवेश, बहुत ज्यादा लिस्टिंग गेन की उम्मीद नहीं
ओला इलेक्ट्रिक के IPO पर बात करते हुए मार्केट एक्सपर्ट प्रकाश दीवान ने कहा कि अगर आपको इस आईपीओ में निवेश करना ही है और आपने पूरा मूड बना लिया है तो आईपीओ में लंबे नजरिए से निवेश करिए। अगर आईपीओ में अलॉटमेंट मिल जाता है तो फिर उसको लंबे समय तक अपने पास रखिए। इस आईपीओ में बहुत ज्यादा लिस्टिंग गेन की उम्मीद नहीं है।
लिस्टिंग के बाद निवेश करना रहेगा ज्यादा बेहतर
प्रकाश के मुताबिक इस आईपीओ में निवेश का दूसरा तरीका ये है कि आईपीओ के समझने और इसकी प्राइस डिस्कवरी और प्राइस संतुलन का अंदाजा लगाने के लिए स्टॉक की लिस्टिंग का इंतजार करें और लिस्टिंग के बाद ही इसमें निवेश करें क्योंकि लिस्टिंग के बाद इन सब बातों का खुलासा हो जाता है। प्रकाश ने कहा कि कई बार जो चीजें हमें महंगी लगती हैं वो बाजार को अच्छी लगती है। ऐसे में लिस्टिंग के बाद ये सारी चीजें साफ हो जाएंगी।
प्रकाश ने आगे कहा कि लिस्टिंग के बाद प्राइस डिस्कवरी हो जानें पर अगर आप चाहें तो इस स्टॉक को अपने पोर्टफोलियो में ले सकते हैं। शेयर के वर्तमान भाव और जिस भाव पर लिस्टिंग की उम्मीद है उसमें बहुत बड़ा अंतर रहने की उम्मीद नहीं है। ये स्टॉक ज्यादा से ज्यादा 10-15 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हो सकता है। प्रकाश ने आगे कहा कि उनकी राय है कि इस स्टॉक के आईपीओ में पैसे लगाने के बजाय प्राइस डिस्कवरी का इंतजार करना और उसके बाद पैसे लगाना ज्यादा बेहतर तरीका होगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।