PKH Ventures IPO : कंस्ट्रक्शन और हॉस्पिटैलिटी फर्म PKH Ventures का आईपीओ कल यानी 30 जून को खुलने वाला है। निवेशक इस इश्यू में 4 जुलाई तक निवेश कर सकेंगे। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 140-148 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इश्यू के तहत 1.82 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटर प्रवीण कुमार अग्रवाल द्वारा 77.3 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। वर्तमान में प्रवीण कुमार अग्रवाल के पास फर्म में 63.69 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी को पिछले साल जुलाई में मार्केट रेगुलेटर से मंजूरी मिली थी।
इस आईपीओ का लॉट साइज 100 शेयर है। निवेशक कम से कम 100 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 100 इक्विटी शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इस हिबास से रिटेल निवेशकों को कम से कम 14800 रुपये का निवेश करना होगा।
ऑफर का लगभग 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व रखा गया है। इसके अलावा 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) कैटेगरी के लिए और शेष 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित किया गया है। कंपनी आईपीओ के माध्यम से लोवर और अपर प्राइस बैंड पर क्रमशः 358.85 करोड़ रुपये और 379.35 करोड़ रुपये जुटाएगी। कंपनी का मूल्य 1,217 करोड़ रुपये है।
ग्रे मार्केट में इस इश्यू को लेकर ठीक-ठाक रिस्पॉन्स दिख रहा है। आज यह आईपीओ 8 रुपये के प्रीमियम पर है। इसका मतलब है कि कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 156 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 5 फीसदी से ज्यादा का मुनाफा होगा।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
124.12 करोड़ रुपये के फ्रेश इश्यू से प्राप्त आय का इस्तेमाल हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट्स के विकास के लिए इसकी शाखा हलाईपानी हाइड्रो प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए किया जाएगा। कंपनी लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल रिक्वायरमेंट के फंडिंग के लिए अपनी शाखा गरुड़ कंस्ट्रक्शन में निवेश के लिए 80 करोड़ रुपये का भी उपयोग करेगी। फर्म ने कहा कि वह अधिग्रहण और अन्य स्ट्रेटेजिक इनिशिएटिव के माध्यम से इनऑर्गेनिक ग्रोथ को आगे बढ़ाने के लिए 40 करोड़ रुपये का इस्तेमाल करेगी।
आईपीओ सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों के लिए शेयरों का अलॉटमेंट 7 जुलाई को फाइनल होगा। वहीं, असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 10 जुलाई से शुरू हो जाएगी। शेड्यूल के मुताबिक स्टॉक मार्केट में कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 12 जुलाई को होने की संभावना है। IDBI कैपिटल मार्केट्स इस इश्यू का बुक-रनिंग लीड मैनेजर है और लिंक इनटाइम इंडिया रजिस्ट्रार है। कंपनी के शेयर दोनों एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे।
पीकेएच वेंचर्स कंस्ट्रक्शन और डेवलपमेंट, हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट सर्विसेज के बिजनेस में है। सिविल कंस्ट्रक्शन बिजनेस से जुड़े काम इसकी सब्सिडियरी और कंस्ट्रक्शन कंपनी गरुड़ कंस्ट्रक्शन संभालती है। कंपनी अपना सिविल कंस्ट्रक्शन वर्क्स थर्ड-पार्टी डेवलपर प्रोजेक्ट्स के लिए करती है और उसे दो सरकारी प्रोजेक्ट्स और तीन सरकारी होटल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स भी दिया गया है।