Polymatech IPO : भारत की पहली ऑप्टो-सेमीकंडक्टर चिप बनाने वाली कंपनी पॉलीमेटेक (Polymatech) आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी इस साल अप्रैल में फंड जुटाने के लिए आईपीओ लॉन्च कर सकती है। सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर मनीकंट्रोल को बताया कि इश्यू का साइज लगभग 750-1,000 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। इसके लिए प्राइस बैंड 680-750 रुपये प्रति शेयर के बीच हो सकता है। अनलिस्टेड एरेना के मुताबिक पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स अन-लिस्टेड मार्केट में 860 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहा है।
Polymatech IPO से जुड़ी डिटेल
पॉलीमेटेक ने आईपीओ के जरिए 750 करोड़ रुपये जुटाने के लिए अक्टूबर 2023 में मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल किया था। इस ऑफर के तहत केवल फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे और इसमें कोई ऑफर-फॉर-सेल (OFS) नहीं होगा। कंपनी की योजना तमिलनाडु में अपनी मौजूदा फैसिलिटी के लिए नई मशीनरी खरीदने के लिए आईपीओ से प्राप्त फंड का उपयोग करने की है।
इसकी तमिलनाडु के ओरागडम में एक यूनिट है, जिसमें 300 एमपीए MPA की कैपिसिटी है। कंपनी तमिलनाडु के कृष्णागिरी में दूसरा प्लांट स्थापित करने पर भी काम कर रही है। चेन्नई में स्थित पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रमोटर ईश्वर राव नंदम, उमा नंदम और विशाल नंदम हैं। कंपनी ओरागडम में अपनी फैसिलिटी में ऑप्टो-सेमीकंडक्टर चिप्स का डिजाइन, डेवलप, टेस्ट और मैन्युफैक्चरिंग करती है।
पॉलीमेटेक ने ग्लोबल स्टैंडर्ड को पूरा करने वाले हाई क्वालिटी चिप्स का प्रोडक्शन करने के लिए एडवांस यूरोपीय और जापानी टेक्नोलॉजीज का उपयोग करके 2019 में उत्पादन शुरू किया। कंपनी आम तौर पर दो कैटेगरी ऑप्टो-सेमीकंडक्टर चिप्स और ल्यूमिनरीज़ में प्रोडक्ट्स बनाती है।
FY23 में कंपनी का रेवेन्यू 649.02 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष 125.87 करोड़ रुपये था। पिछले वर्ष के 34.27 करोड़ रुपये के मुकाबले नेट प्रॉफिट 167.77 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, EBITDA मार्जिन पिछले वर्ष के 33.43 फीसदी के मुकाबले 29 प्रतिशत रहा।