IPO मार्केट अगले हफ्ते भी रहेगा गुलजार, इन 2 आईपीओ में मिलेगा पैसा लगाने का मौका, 2 की होगी लिस्टिंग

अगले हफ्ते जहां रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज और साह पॉलिमर्स के IPO में निवेशकों को पैसा लगाने का मौका मिलेगा। वहीं केफिन टेक्वनोलॉजी (KFin Technologies) और एलिन इलेक्ट्रॉनिक्स (Elin Electronics) की लिस्टिंग भी देखने को मिलेगी

अपडेटेड Dec 24, 2022 पर 10:09 PM
साल 2022 में 40 कंपनियों ने अपने IPO से करीब 60,000 करोड़ रुपये जुटाए हैं

प्राइमरी मार्केट इस साल के आखिरी हफ्ते भी काफी गुलजार रहने वाला है। अगले हफ्ते जहां 2 कंपनियां अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च करेंगी। वहीं 2 कंपनियों के IPO स्टॉक एक्सचेंजों पर सूचीबद्ध होंगे। पहला IPO रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज (Radiant Cash Management Services) का है, जो अगले हफ्ते में भी 27 दिसंबर तक खुला रहेगा। यह ऑफर 23 दिसंबर को लॉन्च किया गया था। रिटेल कैश मैनेजमेंट सर्विसेज मुहैया कराने वाली इस कंपनी ने अपने IPO के लिए 94 से 99 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी कुल 388 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है।

इसमें से 60 करोड़ रुपये के नए शेयर और 328 करोड़ रुपये का प्रमोटर और निवेशकों की तरफ से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) शामिल हैं। अभी तक यह IPO 4 प्रतिशत सब्सक्राइब हुआ है। इसमें रिटेल निवेशकों ने अपने हिस्से को 6 प्रतिशत, वहीं क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने अपने हिस्से को 5 प्रतिशत सब्सक्राइब किया है।

Sah Polymers का 30 दिसंबर को खुलेगा IPO

दूसरा आईपीओ साह पॉलिमर्स (Sah Polymers) का होगा, जो 30 दिसंबर को खुलेगा और 4 जनवरी को बंद होगा। यह इस साल लॉन्च होने वाला आखिरी इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) होगा। बल्क पैकेजिंग सॉल्यूशंस मुहैया कराने वाली यह कंपनी सोमवार 26 दिसंबर को अपने प्राइस बैंक का ऐलान करेगी।


साह पॉलीमर्स का आईपीओ पूरी तरह से नए शेयरों का है। कंपनी ने QIB के लिए 75 प्रतिशत, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए 15 प्रतिशत और रिटेल निवेशकों के लिए बाकी 10 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित किया है।

कंपनी ने बताया कि वह IPO से मिली रकम का इस्तेमाल फ्लेक्सिबल इंटरमीडिएट बल्क कंटेनर (FIBC) के लिए एक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने, कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल की दूसरी जरूरतों को पूरा करने और दूसरे सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

यह भी पढ़ें- एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा ने टीवी सीरियल के सेट पर किया सुसाइड, महज 21 साल थी उम्र, नई मिला कोई सुसाइड नोट

KFin Technologies के शेयर 29 दिसंबर को होंगे लिस्ट

केफिन टेक्नोलॉजीज (KFin Technologies) के शेयरों की अगले 29 दिसंबर को लिस्टिंग होंगी। कंपनी का 1,500 करोड़ रुपये का IPO 2.59 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ 21 दिसंबर को बंद हुआ था। कंपनी सोमवार 26 दिसंबर को अपने शेयरों को आवंटित करेगी। बोली में असफल निवेशकों के खाते में 27 दिसंबर तक पैसे वापस आ जाएंगे। वहीं सफल निवेशकों के डीमैट खाते में 28 दिसंबर तक शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे।

Elin Electronics की 30 दिसंबर को हो सकती है लिस्टिंग

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेवा प्रदान करने वाली कंपनी एलिन इलेक्ट्रॉनिक्स (Elin Electronics) के भी अगले सप्ताह 30 दिसंबर को सूचीबद्ध होने की उम्मीद है। 475 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 22 दिसंबर को 3.09 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ था। Elin के शेयरों का अलॉटमेंट 27 दिसंबर को होगा। बोली में असफल रहे निवेशकों को कंपनी 28 दिसंबर से रिफंड करना शुरू करेगी। वहीं सफल निवेशकों के डीमैट खाते में 29 दिसंबर तक शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे।

इस साल IPO से 60,000 करोड़ जुटाए

साल 2022 आईपीओ मार्केट के लिए काफी अच्छा रहा। शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद इस साल करीब 40 IPOs ने सफलतापूर्वक बाजार 60,000 करोड़ रुपये जुटाए हैं। हालांकि 2021 की तुलना में यह संख्या कम है। 2021 में कुल 65 IPO आए थे और उन्होंने संयुक्त रूप से 1.31 लाख करोड़ रुपये जुटाए थे। यह किसी एक साल में IPO से जुटाया गया अब तक का सबसे अधिक रकम है।

अगसे साल 50 कंपनियों के आ सकते हैं IPO

साल 2023 में भी IPO मार्केट काफी व्यस्त रहने वाला है। SEBI को करीब 50 कंपनियों से IPO लॉन्च करने के लिए आवेदन मिले हैं। इन कंपनियों में यात्रा ऑनलाइन, फैब इंडिया, वेलनेस फॉरएवर, सिग्नेचर ग्लोबल, बालाजी स्पेशलिटी केमिकल्स, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, पिज्जा वायर्स, ड्रूम टेक्नोलॉजी, नवी टेक्नोलॉजीज, PKH वेंचर्स, भारत EIH, मैकलियोड्स फार्मा, आधार हाउसिंग फाइनेंस, TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस, एलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स, दिवगी टॉर्कट्रांसफर सिस्टम्स, और IKIOलाइटिंग आदि शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।