RBZ Jewellers IPO : एंटीक ब्राइडल गोल्ड ज्वैलरी बनाने वाली RBZ Jewellers का IPO 19 दिसंबर को खुल रहा है। कंपनी इश्यू के जरिए 100 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके लिए प्रति शेयर 95-100 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है। निवेशकों के पास इसमें 21 दिसंबर तक निवेश का मौका होगा। आईपीओ के तहत कंपनी द्वारा एक करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए पब्लिक इश्यू में 35-35 फीसदी हिस्सा रिजर्व किया गया है। वहीं, शेष 30 फीसदी हिस्सा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल (नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स) के लिए आरक्षित है।
निवेशक कम से कम 150 इक्विटी शेयरों और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। खुदरा निवेशकों को कम से कम 14,250 रुपये का निवेश करना होगा। अरिहंत कैपिटल मार्केट्स इस इश्यू का बुक-रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज ऑफर का रजिस्ट्रार है।
आईपीओ से होने वाली आय में से 80.75 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाएगा। शेष धनराशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए रखी जाएगी, जो सकल आय के 25 फीसदी से अधिक नहीं होगी। कंपनी के शेयर BSE, NSE पर लिस्ट होंगे, जिसकी अस्थायी लिस्टिंग तारीख 27 दिसंबर 2023 तय की गई है।
कंपनी के पास अपने सप्लायर के साथ एक्सक्लुसिव या फिक्स्ड सप्लाई अरेंजमेंट नहीं है। कच्चे माल की समय पर और पर्याप्त आपूर्ति में कोई भी दिक्कत इसके बिजनेस, ऑपरेशन के रिजल्ट और फाइनेंशियल कंडीशन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
सोने के मार्केट प्राइस में अस्थिरता का वित्तीय स्थितियों पर असर पड़ सकता है। ज्वेलरी इंडस्ट्री सोने और अन्य कच्चे माल की कीमत में उतार-चढ़ाव से प्रभावित होता है। इससे संभावित रूप से कंपनी के बिजनेस और ऑपरेशन में बाधा आ सकती है।
RBZ Jewellers Limited साल 2008 में इनकॉर्पोरेट हुई है। यह कंपनी गोल्ड ज्वेलरी बनाती है। कंपनी को फोकस एंटीक डिजाइन के गोल्ड ज्वेलरी में है। कंपनी के होलसेल कस्टमर बेस में भारत के 19 राज्यों और 72 शहरों के नेशनल, रीजनल और लोकल फैमिली ज्वैलर्स शामिल हैं। आरबीजेड ज्वैलर्स लिमिटेड "Harit Zaveri" ब्रांड नाम के तहत अपना रिटेल शोरूम भी संचालित करती है और अहमदाबाद में एक प्रमुख कंपनी है।