Senco Gold IPO : तीसरी बार ड्राफ्ट पेपर दाखिल करेगी कंपनी, 400 करोड़ रुपये जुटाने का है इरादा

Senco Gold IPO : 400 करोड़ रुपये के आईपीओ में से 265 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 135 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी। OFS के तहत प्रमोटर अपने शेयर बेचते हैं और कंपनी में पारदर्शी तरीके से अपनी होल्डिंग कम करते हैं

अपडेटेड Jun 25, 2023 पर 10:01 PM
कोलकाता स्थित ज्वेलरी कंपनी Senco Gold अपना आईपीओ लाने जा रही है।

Senco Gold IPO : कोलकाता स्थित ज्वेलरी कंपनी Senco Gold अपना आईपीओ लाने जा रही है। इसके लिए कंपनी तीसरी बार मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल करने की तैयारी में है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 400 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। मामले से परिचित एक सूत्र ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग NSE और BSE पर होगी। कंपनी पहले भी दो बार आईपीओ के जरिए फंड जुटाने की कोशिश कर चुकी है, लेकिन यह संभव नहीं पाया।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

400 करोड़ रुपये के आईपीओ में से 265 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 135 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी। OFS के तहत प्रमोटर अपने शेयर बेचते हैं और कंपनी में पारदर्शी तरीके से अपनी होल्डिंग कम करते हैं।


इस ऑफर से मिलने वाले फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए होगा। इसके अलावा, उत्तर भारत में कंपनी के बिजनेस का विस्तार करने और डायमंड ज्वेलरी बिजनेस को बढ़ाने के लिए किया जाएगा।

कंपनी तीसरी बार दाखिल करेगी कागजात

Senco Gold आईपीओ लाने के लिए पहले भी दो बार कागजात दाखिल कर चुकी है। 2022 में सेनको गोल्ड ने 525 करोड़ रुपये और 2018 में 600 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए सेबी के पास कागजात दाखिल किए थे। हालांकि, तब धन जुटाने में सक्षम नहीं थी, जिसके चलते उन्हें इस बार ऑफर का आकार कम करने के लिए प्रेरित किया गया।

कंपनी के बारे में

सेन्को गोल्ड मुख्य रूप से सोने, हीरे, चांदी, प्लैटिनम और प्रेशियस और सेमी-प्रेशियस स्टोन्स से बने आभूषणों के निर्माण और बिक्री का काम करती है। कंपनी के प्रोडक्ट "Senco Gold & Diamonds" ब्रांड के तहत बेचे जाते हैं। FY22-23 में परिचालन से राजस्व 4,075.56 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष में 3,534.64 करोड़ रुपये था। इस बीच, प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स 130.15 करोड़ रुपये से बढ़कर 160.91 करोड़ रुपये हो गया।

देश भर के 96 शहरों में फैला हुआ है बिजनेस

कोलकाता की प्रमुख कंपनी और पूर्वी भारत में सबसे बड़े कंपनियों में से एक Senco Gold का बिजनेस 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 96 शहरों में फैला हुआ है। कंपनी इन शहरों में अपने दम पर 75 स्टोर और फ्रेंचाइजी के माध्यम से 61 स्टोर चलाती है। कंपनी का लगभग 85 प्रतिशत राजस्व गोल्ड ज्वेलरी से आता है। वहीं, लगभग 10 फीसदी राजस्व हीरे के आभूषणों से आता है। कंपनी के खजाने में सबसे ज्यादा योगदान पश्चिम बंगाल का है। सूत्र ने नाम नहीं छापने की शर्त पर यह जानकारी दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।