शापूरजी पलोनजी ग्रुप की कंपनी Afcons Infra का आईपीओ 25 अक्टूबर को आएगा, जानिए इस इश्यू के बारे में सबकुछ

एफकॉन्स अपने आईपीओ में 1,250 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी, जबकि 4,180 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल होगा। FY13 से कंपनी ने अब तक 79 प्रोजेक्ट्स पूरे किए हैं, जिनकी वैल्यू 56,305 करोड़ रुपये है। यह प्रोजेक्ट्स 17 देशों में हैं

अपडेटेड Oct 19, 2024 पर 2:58 PM
अभी Afcons Infrastructure में गोस्वामी इंफ्राटेक, शापूरजी पलोनजी एंड कंपनी, फ्लोरेट इनवेस्टमेंट्स, हर्मेस कॉमर्स और रेनसॉन्स कॉमर्स की 99 फीसदी हिस्सेदारी है।

शापूरजी पलोनजी ग्रुप की कंपनी एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर ने आईपीओ के लिए रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पास रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस फाइल कर दिया है। कंपनी का आईपीओ 5,400 करोड़ रुपये का हो सकता है। यह आईपीयो 25 अक्टूबर को खुलेगा। इसमें 29 अक्टूबर तक निवेश किया जा सकता है। कंपनी अगले हफ्ते प्राइस बैंड का ऐलान करेगी। इस आईपीओ में कंपनी नए शेयर जारी करेगी। साथ ही ओएफएस यानी ऑफर फॉर सेल भी होगा, जिसके जरिए इनवेस्टर्स अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।

इस इश्यू का ज्यादा हिस्सा ओएफएस का होगा

एफकॉन्स अपने आईपीओ में 1,250 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी, जबकि 4,180 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल होगा। अभी Afcons Infrastructure में गोस्वामी इंफ्राटेक, शापूरजी पलोनजी एंड कंपनी, फ्लोरेट इनवेस्टमेंट्स, हर्मेस कॉमर्स और रेनसॉन्स कॉमर्स की 99 फीसदी हिस्सेदारी है। एक फीसदी हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स की है। एंकर इनवेस्टर्स के निवेश के लिए यह इश्यू 24 एक्टूबर को ही खुल जाएगा।


आईपीओ के पैसे का इस्तेमाल इन कामों के लिए

एफकॉन्स आईपीओ से मिलने वाले पैसे में से 80 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट खरीदने के लिए करेगी। 320 करोड़ रुपये का इस्तेमाल लंबी अवधि की पूंजी की जरूरतों के लिए होगा। 600 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए होगा। बाकी पैसे का इस्तेमाल कंपनी सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए करेगी। एफकॉन्स देश की बड़ी इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनियों में से एक है। FY13 से कंपनी ने अब तक 79 प्रोजेक्ट्स पूरे किए हैं, जिनकी वैल्यू 56,305 करोड़ रुपये है। यह प्रोजेक्ट्स 17 देशों में हैं।

डीमैट अकाउंट में 31 अक्टूबर तक शेयर आ जाएंगे

इस साल जून में कंपनी के पास ऐसे 65 प्रोजेक्ट्स थे, जिन पर काम चल रहा था। 12 देशों में ये प्रोजेक्ट्स थे। इनकी कुल वैल्यू 31,747 करोड़ रुपये थी। एफकॉन्स मुंबई की कंपनी है। SP Group का मुख्यालय मुंबई में ही है। कंपनी 30 अक्टूबर तक शेयरों के एलॉटमेंट का आधार तय कर लेगी। निवेशकों के डीमैट अकाउंट्स में 31 अक्टूबर तक शेयर आ जाएंगे। 4 नवंबर से बीएसई और एनएसई में इन शेयरों में ट्रेडिंग शुरू हो जाएगी।

यह भी पढ़ें: Hyundai IPO: लिस्टिंग के बाद निवेशकों को इस स्टॉक से कितने रिटर्न की उम्मीद करनी चाहिए?

ये कंपनियां आईपीओ का प्रबंधन करेंगी

एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर के इस आईपीओ के प्रबंधन की जिम्मेदारी ICICI Securities, DAM Capital Advisors, Jefferies India, Nomura Financial Advisory and Securities (India), Nuvama Wealth Management और SBI Capital Markets पर है। इस हफ्ते आए हुंडई मोटर के आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला। रिटेल कैटेगरी में तो यह आईपीओ पूरा सब्सक्राइब नहीं हुआ। एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्टॉक मार्केट में लगातार गिरावट का असर इसकी वजह हो सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।