Avalon Tech IPO: आज खुल रहा है FY24 का पहला IPO, क्या आपको इसमें पैसा लगाना चाहिए?

Avalon Tech IPO: इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिगं सर्विसेज देने वाली कंपनी एवलॉन टेक (Avalon Tech) का आईपीओ चालू वित्त वर्ष 2023-24 का पहला इश्यू होगा। इश्यू खुलने से पहले कंपनी ने एंकर बुक के जरिए 389.25 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। इस इश्यू के तहत नए शेयर भी जारी होंगे और मौजूदा शेयरधारक ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत भी शेयरों की बिक्री करेंगे

अपडेटेड Apr 03, 2023 पर 5:33 PM
Avalon Tech IPO के 865 करोड़ रुपये के इश्यू में 3-6 अप्रैल तक 415-436 रुपये के प्राइस बैंड और 34 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकेंगे।

Avalon Tech IPO: इस वित्त वर्ष 2023-24 का पहला आईपीओ आज 3 अप्रैल को खुल रहा है। इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिंग सर्विसेज देने वाली कंपनी एवलॉन टेक (Avalon Tech) का 865 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 3-6 अप्रैल तक खुला रहेगा। आईपीओ खुलने से पहले इसने एंकर निवेशकों से 389.25 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। ग्रे मार्केट में इसके शेयर इश्यू के प्राइस बैंड 415-436 रुपये के अपर बैंड से 12 रुपये की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर ट्रेड हो रहे हैं। इतने सब पॉजिटिव के बावजूद इस इश्यू को लेकर मिला-जुला रुझान है।

Avalon Tech IPO: क्या है एक्सपर्ट्स की राय?

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक प्रमोटर होल्डिंग पहले से ही कम है और आईपीओ के बाद यह और कम हो जाएगी जिसके चलते वे इश्यू में निवेश से कतरा रहे हैं। अभी एवलॉन में प्रमोटर की 70.75 फीसदी हिस्सेदारी है और शेयरों की लिस्टिंग के बाद यह 51.24 फीसदी रह जाएगी। हालांकि वहीं दूसरी तरफ ब्रोकरेज फर्म Stoxtox.India ने इसे लॉन्ग टर्म के लिए सब्सक्राइब की रेटिंग दी है।


ब्रोकरेज के मुताबिक कंपनी की अमेरिका में उपस्थिति, बढ़ते ईपीओ पर भरोसा, रेवेन्यू में आगे बढ़ोतरी के आसार, इलेक्ट्रॉनिक मैनुफैक्चरिंग सर्विसेज के आउटसोर्सिंग की रीस्ट्रक्चरिंग के दम पर इसका कारोबार मजबूत होगा। कंपनी की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हुई है। इसका नेट प्रॉफिट और रेवेन्यू लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2022 में इसका नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 195 फीसदी बढ़कर 68.16 करोड़ रुपये और रेवेन्यू भी समान अवधि में 22 फीसदी उछलकर 851.65 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

Avalon Tech IPO की डिटेल्स

एवलॉन टेक का 865 करोड़ रुपये के इश्यू में 3-6 अप्रैल तक 415-436 रुपये के प्राइस बैंड और 34 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकेंगे। इश्यू के जरिए 320 करोड़ रुपये के नए शेयर और 545 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल के तहत बिक्री की योजना है। इश्यू का 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाई इंस्टीट्यूशनल बॉयर्स (QIB), 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।

आईपीओ की सफलता के लिए शेयरों का अलॉटमेंट 12 अप्रैल को फाइनल होगा और एनएसई-बीएसई पर 18 अप्रैल को लिस्टिंग है। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों के इस्तेमाल करें तो 145 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और 90 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। वहीं आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में भी नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल होगा।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।