रियल एस्टेट कंपनी श्रीराम प्रॉपर्टीज (Shriram Properties) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) अगले हफ्ते 8 दिसंबर 2021 को लॉन्च होगा। कंपनी इस IPO से करीब 600 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। आईपीओ के प्राइस बैंड, लॉट साइज और दूसरी जानकारियों को कंपनी अगले एक दो दिनों मे जारी करेगी।
जानकारी के मुताबिक, Shriram Properties IPO के लिए 8 से 10 दिसंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। बता दें कि अगले हफ्ते श्रीराम प्रॉपर्टीज के साथ RateGain Travel Technologies का आईपीओ भी खुलने वाला है।
श्रीराम प्रोपर्टीज के इस IPO में 250 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर और 350 करोड़ रुपये का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) है। OFS के तहत कंपनी के प्रमोटर और निवेशक अपने शेयरों को बिक्री के लिए पेश करते हैं।
350 करोड़ रुपये के ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत कंपनी के निवेशकों में शामिल ओमेगा टीसी सेबर होल्डिंग्स 90.95 करोड़ रुपये के और टाटा कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज 8.34 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयरों को बेचेगी। इसके अलावा TPG Asia SF V Pte Ltd और WSI/WSQI V (XXXII) मारीशस भी क्रमश: 92.21 करोड़ रुपये और 133.5 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे। वहीं कुछ अन्य शेयरहोल्डर भी करीब 25 करोड़ रुपये के शेयर इस OFS के तहते बिक्री के लिए रखेंगे।
आईपीओ से जुटाई अधिकतम रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने ऊपर लदे कर्ज को कम करने और कॉरपोरेट से जुड़े दूसरे कार्यों को पूरा करने में करेगी। बेंगलुरु मुख्यालय वाली श्रीराम प्रॉपर्टीज का मुख्य फोकस दक्षिण भारत के रेजिडेंशियल रियल एस्टेट मार्केट पर है। वित्त वर्ष 2020 में कंपनी का रेवेन्यू 571.96 करोड़ रुपये था। इससे एक साल पहले यह 650.13 करोड़ रुपये था
2019 में कंपनी ने नहीं लॉन्च किया IPO
श्रीराम प्रोपर्टीज को साल 2019 में ही सेबी से 1250 करोड़ रुपये के आईपीओ की मंजूरी मिली थी, लेकिन कंपनी ने तब आईपीओ लॉन्च नहीं किया था। अब कंपनी दूसरी कोशिश में अपना IPO लॉन्च करने जा रही है।