एलॉन मस्क की कंपनी SpaceX ने IPO के जरिए रिकॉर्ड-तोड़ 75 अरब डॉलर जुटाने के लिए इश्यू प्राइस 135 डॉलर प्रति शेयर तय करने की योजना बनाई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सूत्र से पता चला है कि कंपनी अपने पब्लिक इश्यू में 55.56 करोड़ शेयर बेचने की योजना बना रही है। नजर 1.75 लाख करोड़ डॉलर की वैल्यूएशन पर है। आमतौर पर ऐसा होता नहीं है कि निवेशकों के सामने प्रेजेंटेशन और बुकबिल्डिंग से पहले कोई कंपनी IPO के लिए एक निश्चित प्राइस सेट करे।
शेयर बाजार में लिस्ट होने की योजना बनाने वाली कंपनियां आमतौर पर वैल्यूएशन की उम्मीदों को तय करने और निवेशकों की मांग के आधार पर कीमत को एडजस्ट करने की अनुमति देने के लिए एक प्राइस रेंज निर्धारित करती हैं। मजबूत मांग फाइनल इश्यू प्राइस को इस रेंज के ऊपरी स्तर तक, या उससे भी ऊपर ले जा सकती है। SpaceX का रोडशो गुरुवार से शुरू हो रहा है। कंपनी की योजनाएं निवेशकों के साथ मीटिंग शुरू होने के साथ-साथ बदल सकती हैं। पब्लिक इश्यू के साइज में भी बदलाव संभव है।
30 प्रतिशत तक हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रह सकता है रिजर्व
इससे पहले खबर आई थी कि कंपनी अपने IPO का 30 प्रतिशत तक हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखने पर विचार कर रही है। इसका मकसद मस्क के फॉलोअर्स की बड़ी संख्या का फायदा उठाना और कंपनी की ओनरशिप को बढ़ाना है। रॉयटर्स के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि IPO में हो सकता है कि केवल नए शेयर जारी किए जाएं। ऐसा हुआ तो इससे मिलने वाला सारा पैसा कंपनी के पास जाएगा और SpaceX के मौजूदा शेयरहोल्डर IPO में अपना एक भी शेयर नहीं बेच पाएंगे।
मस्क को IPO के बाद 366 दिनों तक SpaceX के अपने शेयर अपने पास रखने होंगे। यह निवेशकों के लिए कंपनी के प्रति उनके कमिटमेंट का एक संकेत होगा। कहा जा रहा है कि IPO से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल AI कंप्यूटिंग रिसोर्स को बढ़ाने और SpaceX के सैटेलाइट नेटवर्क का विस्तार करने जैसे कामों के लिए किया जाएगा।
SpaceX ने इस साल की शुरुआत में मस्क के AI स्टार्टअप xAI के साथ मर्जर किया था। इस डील में SpaceX की वैल्यूएशन 1 लाख करोड़ डॉलर आंकी गई थी। 1 जून के एक रिसर्च नोट के मुताबिक, मॉर्निंगस्टार ने SpaceX की वैल्यूएशन 780 अरब डॉलर आंकी है। यह इसकी मौजूदा प्राइवेट-मार्केट वैल्यूएशन से 48% कम है। कंपनी की वैल्यूएशन प्राइस-टू-अर्निंग्स बेसिस पर नहीं आंकी जा सकती। इसकी वजह है कि पिछले साल कंपनी को शुद्ध घाटा हुआ था। कंपनी नैस्डेक पर 12 जून को लिस्ट हो सकती है। IPO के लिए गोल्डमैन सैक्स, मॉर्गन स्टेनली, BofA सिक्योरिटीज, सिटीग्रुप और J.P. मॉर्गन बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।