SRM Contractors IPO : जम्मू और कश्मीर स्थित ईपीसी कॉन्ट्रेक्टर एसआरएम कॉन्ट्रैक्टर्स का आईपीओ 26 मार्च को खुलने वाला है। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 130.20 करोड़ रुपये जुटाने का है। निवेशकों के पास इस आईपीओ में 28 मार्च तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी ने इश्यू के लिए 200-210 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। आईपीओ से पहले कंपनी ने तीन एंकर निवेशकों से 39.06 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
SRM Contractors IPO से जुड़ी डिटेल
एसआरएम कॉन्ट्रैक्टर्स ने 130.2 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। पब्लिक इश्यू पूरी तरह से 62 लाख शेयरों का एक फ्रेश इश्यू है। इसका मतलब है कि आईपीओ से होने वाली पूरी आय कंपनी को मिलेगी। आईपीओ साइज का आधा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए और शेष 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित किया गया है।
नियोमाइल ग्रोथ फंड - सीरीज I एंकर बुक में सबसे बड़ा इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर रहा, जिसने 19 करोड़ रुपये के 9.05 लाख इक्विटी शेयर खरीदे। वहीं, सेंट कैपिटल फंड और एस्टोर्न कैपिटल वीसीसी - अर्वेन ने 10 करोड़ रुपये मूल्य के 4.77 लाख इक्विटी शेयर खरीदे।
सब्सक्रिप्शन के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 1 अप्रैल तक किया जा सकता है। शेयर 2 अप्रैल तक सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में जमा किए जाएंगे। स्टॉक के 3 अप्रैल को NSE और BSE पर लिस्ट होने की उम्मीद है।
SRM Contractors IPO का लॉट साइज
निवेशक कम से कम 70 इक्विटी शेयरों और उसके बाद 70 के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों को इसमें कम से कम 14,000 रुपये का निवेश करना होगा। अपर प्राइस बैंड पर बोली की रकम बढ़कर 14,700 रुपये हो जाएगी। आईपीओ का बुक-रनिंग लीड मैनेजर इंटरएक्टिव फाइनेंशियल सर्विसेज है जबकि बिगशेयर सर्विसेज रजिस्ट्रार है। कंपनी के प्रमोटर संजय मेहता, एशले मेहता और पुनीत पाल सिंह हैं।
कंपनी इस रकम में से 31.5 करोड़ रुपये का इस्तेमाल इक्विपमेंट खरीदने में करेगी। 46 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल के रूप में और 10 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने के लिए रखे जाएंगे। इसके अलावा, 12 करोड़ रुपये प्रोजेक्ट-स्पेसिफिक ज्वाइंट वेंचर्स में निवेश किए जाएंगे और शेष धनराशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए होगी।
SRM Contractors और इसका फाइनेंशियल
एसआरएम कॉन्ट्रैक्टर्स मुख्य रूप से जम्मू और कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेशों में सड़कों (पुलों सहित), सुरंगों, स्लोप स्टेबलाइजेशन वर्क्स और अन्य कई सिविल कंस्ट्रक्शन एक्टिविटीज का काम करती है। एसआरएम कॉन्ट्रैक्टर्स ने FY23 में 17.57 करोड़ रुपये से बढ़कर 18.75 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। रेवेन्यू FY22 में 263.3 करोड़ रुपये से बढ़कर 300.3 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष के नौ महीनों में 234.55 करोड़ रुपये के रेवेन्यू पर नेट प्रॉफिट 21.07 करोड़ रुपये रहा। दिसंबर तक कंपनी पर 32.74 करोड़ रुपये का कर्ज था।
SRM Contractors के ये हैं रिस्क फैक्टर्स
SRM Contractors का कारोबार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में केंद्रित है और केंद्र शासित प्रदेशों में इकोनॉमिक, रेगुलेटरी और अन्य बदलावों से होने वाले जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है। कंपनी अपने रेवेन्यू का एक बड़ा हिस्सा कुछ ग्राहकों से हासिल करती है। 31 दिसंबर 2023 को समाप्त नौ महीनों में टॉप 5 क्लाइंट्स ने कुल रेवेन्यू में 80.77 फीसदी का योगदान दिया।