बाजार नियामक सेबी (SEBI) ने सेलो वर्ल्ड (Cello World), ESAF स्मॉल फाइनेंस बैंक और ASK ऑटोमोटिव को IPO लाने की मंजूरी दे दी है। इन कंपनियों ने सेबी (Securities and Exchange Board of India) के समक्ष मंजूरी के लिए आवेदन जून से अगस्त 2023 के दौरान किया था। सेबी की वेबसाइट पर मंगलवार को डाली गई सूचना के मुताबिक, इन तीनों कंपनियों के IPO संबंधी आवेदन को स्वीकार कर लिया गया है। इसके साथ ही इन कंपनियों के लिए अपने-अपने IPO लाने का रास्ता साफ हो गया है। IPO डॉक्युमेंट्स के मुताबिक, घरेलू इस्तेमाल के सामान और स्टेशनरी बनाने वाली सेलो वर्ल्ड ने IPO के तहत प्रमोटर्स की तरफ से 1,750 करोड़ रुपये का OFS (Offer for Sale) लाने का प्रस्ताव रखा है। कंपनी के IPO में नए शेयर जारी नहीं होंगे।
