Trust Fintech IPO : ट्रस्ट फिनटेक लिमिटेड का आईपीओ 26 मार्च को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशकों के पास इसमें 28 मार्च तक निवेश का मौका रहेगा। कंपनी ने इश्यू के लिए 95-101 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। सब्सक्रिप्शन से पहले ग्रे मार्केट में पॉजिटिव को लेकर पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 63.45 करोड़ रुपये जुटाने का है। आईपीओ के तहत केवल फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे। यानी इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी।
Trust Fintech IPO : ग्रे मार्केट का लेटेस्ट अपडेट
आईपीओ खुलने से पहले इश्यू का ग्रे मार्केट में ठीक-ठाक क्रेज दिख रहा है। आज 23 मार्च को यह इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 40 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 141 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसा होता है, तो निवेशकों को करीब 40 फीसदी का मुनाफा होगा। हालांकि, ध्यान रहे कि ग्रे मार्केट में स्थिति लगातार बदलते रहती है।
Trust Fintech IPO : लॉट साइज समेत अन्य डिटेल
कंपनी के शेयरों को NSE के स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज प्लेटफॉर्म इमर्ज पर लिस्ट किया जाएगा। निवेशक कम से कम 1200 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इस हिसाब से रिटेल निवेशक कम से कम 121,200 रुपये का निवेश कर सकते हैं। शेड्यूल के मुताबिक सब्सक्रिप्शन के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 1 अप्रैल को होने की उम्मीद है। वहीं, रिफंड की प्रक्रिया 2 अप्रैल को शुरू होगी। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 3 अप्रैल को होगी।
Trust Fintech IPO : कहां होगा फंड का इस्तेमाल
फर्म की योजना पब्लिक इश्यू से प्राप्त आय का इस्तेमाल हार्डवेयर खरीदने और आईटी इन्फ्रॉस्ट्रक्चर अपग्रेड करने के लिए नागपुर में मिहान SEZ में एक नई डेवलपमेंट फैसिलिटी स्थापित करने के लिए करने की है। कंपनी यहां मौजूदा प्रोडक्ट्स को बढ़ाने, बनाए रखने और अपग्रेड करने के लिए फंड का इस्तेमाल करेगी। कंपनी इस आय का उपयोग अपने ग्लोबल और डोमेस्टिक बिजनेस डेवलपमेंट, बिक्री, मार्केटिंग और सामान्य कॉर्पोरेट खर्चों की फंडिंग के लिए करेगी।
Trust Fintech के बारे में
ट्रस्ट फिनटेक कोर बैंकिंग SaaS (सर्विस के रूप में सॉफ्टवेयर) प्रोडक्ट्स और ERP (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग), इम्प्लीमेंटेशन और कस्टमाइज्ड सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन डेवलपमेंट, और BFSI सेक्टर के लिए ऑफशोर आईटी सेवाओं के आसपास फिनटेक सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन प्रदान करता है। 30 सितंबर 2023 को समाप्त मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही के दौरान कंपनी ने 18.82 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया और इसका लाभ 7.27 करोड़ रुपये रहा।