Trust Fintech IPO : कंपनी ने तय किया प्राइस बैंड, 26 मार्च को खुलेगा इश्यू

Trust Fintech IPO : कंपनी के शेयरों को NSE के स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज प्लेटफॉर्म इमर्ज पर लिस्ट किया जाएगा। निवेशक कम से कम 1200 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इस हिसाब से रिटेल निवेशक कम से कम 121,200 रुपये का निवेश कर सकते हैं

अपडेटेड Mar 20, 2024 पर 10:19 PM
ट्रस्ट फिनटेक लिमिटेड ने आज 20 मार्च को अपने आईपीओ का प्राइस बैंड तय कर दिया है।

Trust Fintech IPO : ट्रस्ट फिनटेक लिमिटेड ने आज 20 मार्च को अपने आईपीओ का प्राइस बैंड तय कर दिया है। कंपनी ने इसके लिए 95-101 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी ने एक बयान में कहा यह आईपीओ 26 मार्च को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 28 मार्च को बंद हो जाएगा। वहीं, एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू शुक्रवार को एक दिन के लिए खोला जाएगा। कंपनी का इरादा इश्यू के जरिए 63.45 करोड़ रुपये जुटाने का है। आईपीओ के तहत केवल फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे। यानी इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी।

लॉट साइज समेत अन्य डिटेल

कंपनी के शेयरों को NSE के स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज प्लेटफॉर्म इमर्ज पर लिस्ट किया जाएगा। निवेशक कम से कम 1200 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इस हिसाब से रिटेल निवेशक कम से कम 121,200 रुपये का निवेश कर सकते हैं। शेड्यूल के मुताबिक सब्सक्रिप्शन के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 1 अप्रैल को होने की उम्मीद है। वहीं, रिफंड की प्रक्रिया 2 अप्रैल को शुरू होगी। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 3 अप्रैल को होगी।


कहां होगा फंड का इस्तेमाल

फर्म की योजना पब्लिक इश्यू से प्राप्त आय का इस्तेमाल हार्डवेयर खरीदने और आईटी इन्फ्रॉस्ट्रक्चर अपग्रेड करने के लिए नागपुर में मिहान SEZ में एक नई डेवलपमेंट फैसिलिटी स्थापित करने के लिए करने की है। कंपनी यहां मौजूदा प्रोडक्ट्स को बढ़ाने, बनाए रखने और अपग्रेड करने के लिए फंड का इस्तेमाल करेगी। कंपनी इस आय का उपयोग अपने ग्लोबल और डोमेस्टिक बिजनेस डेवलपमेंट, बिक्री, मार्केटिंग और सामान्य कॉर्पोरेट खर्चों की फंडिंग के लिए करेगी।

कंपनी के बारे में

ट्रस्ट फिनटेक कोर बैंकिंग SaaS (सर्विस के रूप में सॉफ्टवेयर) प्रोडक्ट्स और ERP (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग), इम्प्लीमेंटेशन और कस्टमाइज्ड सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन डेवलपमेंट, और BFSI सेक्टर के लिए ऑफशोर आईटी सेवाओं के आसपास फिनटेक सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन प्रदान करता है। 30 सितंबर 2023 को समाप्त मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही के दौरान कंपनी ने 18.82 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया और इसका लाभ 7.27 करोड़ रुपये रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।