यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India) के बोर्ड ने क्यूआईपी (QIP) के जरिये बैंक को 5,000 करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी दे दी है। बैंक ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि इसके लिए 91.10 रुपये का फ्लोर प्राइस तय किया गया है। यूनियन बैंक के डायरेक्टर्स की कमेटी (पूंजी जुटाने से जुड़ी) की 21 अगस्त को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैंक के मुताबिक, डायरेक्टर्स की कमेटी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिये 5,000 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयर जारी करने को अपनी मंजूरी दे दी है। बैंक ने एक और एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इश्यू प्राइस और डिस्काउंट तय करने के लिए फिर से 24 अगस्त को बोर्ड की बैठक होगी।
इस दौरान, बैंक की नेट इंटेरस्ट इनकम सालाना आधार पर 16.59 पर्सेंट बढ़कर 8,840 करोड़ रुपये हो गई। संबंधित अवधि में बैंक की एसेट क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिला और उसके ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) रेशियो में 2.88 पर्सेंट का सुधार हुआ। जून तिमाही में कंपनी के नेट एनपीए 1.73 पर्सेंट की गिरावट हुई।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में 21 अगस्त को यूनियन बैंक का शेयर 2.81 पर्सेंट की गिरावट के साथ 91.80 रुपये पर बंद हुआ।