Upcoming IPO: निवेशकों को जल्द ही दो और कंपनियों के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) से कमाने का मौका मिलने वाला है। मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने एबिक्सकैश लिमिटेड (Ebixcash Ltd) और सर्वाइवल टेक्नोलॉजीज (Survival Technologies) को इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) के जरिए कुल 7,000 करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी दे दी है। एबिक्सकैश, अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक (Nasdeq) में सूचीबद्ध कंपनी एबिक्स इंक की भारतीय सब्सिडियरी कंपनी है। वहीं सर्वाइवल टेक्नोलॉजीज, एक स्पेशियालिटी केमिकल कंपनी है।
SEBI ने सोमवार 24 अप्रैल को जारी एक बयान में बताया कि इन दोनों कंपनियों ने पिछले साल मार्च और दिसंबर के बीच सेबी के पास IPO से जुड़े दस्तावेज जमा कराए थे। इन दोनों कंपनियों को बीते 10 अप्रैल को SEBI का ‘ऑब्जर्वेशन’ मिला है। किसी भी कंपनी को आईपीओ लाने के लिए सेबी का ‘ऑब्जर्वेशन’ जरूरी होता है।
डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, एबिक्सकैश का IPO से करीब 6,000 करोड़ रुपये जुटाने का इरादा है। कंपनी यह राशि पूरी तरह से नए शेयरों को जारी कर जुटाएगी और इसमें प्रमोटरों की ओर से कोई बिक्री ऑफर शामिल नहीं होगा।
ड्राफ्ट पेपर के मुताबिक, कंपनी IPO से मिले पैकों का इस्तेमाल Ebix ट्रैवल प्राइवेट लिमिटेड और EbixCash वर्ल्ड मनी लिमिटेड की वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने, मॉरीशस स्थित Ebix एशिया से बकाया कनवर्टिबल डिबेंचर खरीदने, रणनीतिक अधिग्रहण की फंडिंग और दूसरे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों में किया जाएगा।
मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स, इक्विरस कैपिटल, ICICI सिक्योरिटीज, SBI कैपिटल मार्केट्स और यस सिक्योरिटीज इस IPO के मर्चेंट बैंकर हैं। वहीं लिंक इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इस IPO की रजिस्ट्रार है।
दूसरी सर्वाइल टेक्नोलॉजीज के आईपीओ में 200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा कंपनी के प्रमोटरों और मौजूदा शेयरधारकों की ओर से करीब 800 करोड़ रुपये तक का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) लाया जाएगा। दोनों कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।