आईनॉक्स इंडिया (INOX India) और स्टेनली लाइफस्टाइल्स (Stanley Lifestyles) के IPO को मार्केट रेगुलेटर सेबी की मंजूरी मिल गई है। क्रायोजेनिक इक्विपमेंट और टैंक बनाने वाली कंपनी INOX इंडिया को 29 नवंबर को सेबी से ऑब्जर्वेशन लेटर मिला है। वहीं, दूसरी ओर स्टेनली लाइफस्टाइल्स को मार्केट रेगुलेटर ने 30 नवंबर को ऑब्जर्वेशन लेटर जारी किया है। आईपीओ लाने से पहले किसी भी कंपनी को ऑब्जर्वेशन लेटर हासिल करना जरूरी होता है।
गुजरात स्थित कंपनी आईनॉक्स इंडिया ने इस साल अगस्त में मार्केट रेगुलेटर के पास आईपीओ दस्तावेज दाखिल किए थे। पब्लिक इश्यू के तहत नए शेयर जारी नहीं होंगे और ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत शेयरों की बिक्री होगी। मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 2.21 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी।
प्रमोटर सिद्धार्थ जैन, पवन कुमार जैन, नयनतारा जैन और इशिता जैन OFS में बिक्री करने वाले शेयरधारक हैं। अन्य शेयरधारकों में मंजू जैन, लता रूंगटा, भारती शाह, कुमुद गंगवाल, सुमन अजमेरा और रजनी मोहट्टा भी OFS के माध्यम से शेयर बेचेंगे। कंपनी को ऑफर से कोई पैसा नहीं मिलेगा। ICICI सिक्योरिटीज और एक्सिस कैपिटल इश्यू के लीड मैनेजर हैं।
इसके स्टैंडर्ड क्रायोजेनिक टैंक और इक्विपमेंट, बेवरेज केग, बीस्पोक टेक्नोलॉजी, इक्विपमेंट और सॉल्यूशन के साथ-साथ बड़ी टर्नकी प्रोजेक्ट्स का इस्तेमाल इंडस्ट्रियल गैसों, लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG), ग्रीन हाइड्रोजन, एनर्जी, स्टील और मेटिकल और हेल्थकेयर सहित कई इंडस्ट्रीज में किया जाता है।
बेंगलुरु स्थित होम सॉल्यूशंस प्रोवाइडर स्टेनली लाइफस्टाइल्स ने इस साल सितंबर में ड्राफ्ट पेपर दाखिल किए थे। इसके तहत 200 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, 91.33 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत होगी।
प्रमोटर सुनील सुरेश और उनकी पत्नी शुभा सुनील OFS के माध्यम से 11.82 लाख शेयर बेचेंगे, जबकि ओमान इंडिया ज्वाइंट इन्वेस्टमेंट फंड II 55.44 लाख शेयर बेचेंगे, और किरण भानु वुप्पलपति और श्रीदेवी वेंकट वुप्पलपति 12.25 लाख शेयर बेचेंगे।
सुरेश और उनकी पत्नी के पास वर्तमान में कंपनी में 67.35 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि OIJIF-MC के स्वामित्व वाले ओमान इंडिया ज्वाइंट इन्वेस्टमेंट फंड II के पास 26.86 फीसदी हिस्सेदारी है। OIJIF-MC को दो बड़े स्पॉन्सर - ओमान इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का समर्थन प्राप्त है।
स्टैनली लाइफस्टाइल्स फ्रेश इश्यू से प्राप्त फंड का इस्तेमाल नए स्टोर खोलने, मौजूदा स्टोरों के रेनोवेशन, नई मशीनरी और उपकरणों की खरीद और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। एक्सिस कैपिटल, ICICI सिक्योरिटीज, जेएम फाइनेंशियल और SBI कैपिटल मार्केट्स इस इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं।