अगले सप्ताह प्राइमरी मार्केट में 2 कंपनियों की दमदार एंट्री होने वाली है। 2500 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने के लिए क्लीन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (Clean Science and Technology) और GR Infraprojects अपना IPO 7 जुलाई को लॉन्च करेगी। दोनों आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 9 जुलाई तक खुला रहेगा।
Clean Science ने अपने पब्लिक इश्यू का प्राइस बैंड 880-900 रुपए तय किया गया है। कंपनी के शेयरों का मिनिमम लॉट साइज 16 का है। यानी निवेशकों को कम से कम 16 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। क्लीन साइंस स्पेशियालिटी केमिकल्स बनाने वाली कंपनी है। कंपनी की योजना IPO से 1546.62 करोड़ रुपए जुटाने की है।
जबकि, GR Infraprojects इस पब्लिक इश्यू के लिए 1,15,08,704 इक्विटी शेयर जारी करेगी। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 828-837 रुपए तय किया गया है। यह प्राइस बैंड 5 रुपए फेस वैल्यू का 165.60-167.40 गुना है। यानी कंपनी करीब 963 करोड़ रुपये जुटाएगी।
इस IPO में कंपनी के कर्मचारियों के लिए 2.25 लाख शेयर रिजर्व हैं। GRIL की पीयर कंपनियां जो स्टॉक मार्केट में लिस्ट हो चुकी हैं, उनमें KNR कंस्ट्रक्शंस, PNC इंफ्राटेक, HG इंफ्रा इंजीनियरिंग, दिलीप बिल्डकॉन, अशोका बिल्डकॉन, IRB Infrastructure Developers और Sadbhav Engineering शामिल हैं।
Clean Science IPO की खास बातें
Clean Science का इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल होगा। इसमें कंपनी के मौजूदा प्रमोटर अशोक रामनारायण बूब, कृष्णकुमार रामनारायण बूब, सिद्धार्थ अशोक सिकची और पार्श अशोक माहेश्वरी अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। IPO से जुटाए गए फंड में कंपनी को हिस्सा नहीं मिलेगा। यह पूरी रकम कंपनी के उन प्रमोटर्स के पास जाएगी जो अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं।
इस इश्यू का 50 फीसदी हिस्सा क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व है। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 35 फीसदी और नॉन इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए 15 फीसदी हिस्सा रिजर्व है।
क्लीन साइंस MEHQ, BHA, एनिसोल और 4-MAP जैसी स्पेशियलिटी केमिकल्स मैन्युफैक्चर करने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है। कंपनी परफॉर्मेंस केमिकल्स, FMCG केमिकल्स साथ मेडिसिन बनाने में काम आने वाली फार्मा केमिकल्स का उत्पादन भी करती है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
