Vodafone Idea FPO : वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के आगामी फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (FPO) को सरकार का समर्थन मिला है। CNBC-TV18 से एक्सक्लूसिव बात करते हुए वित्त सचिव टीवी सोमनाथन ने कहा कि बाजार में कई ऑपरेटरों के साथ कंपटीशन बनाए रखना सरकार की पॉलिसी का प्रमुख लक्ष्य है। बता दें कि भारत सरकार की कंपनी में सबसे बड़ी हिस्सेदारी है। वोडाफोन आइडिया का FPO गुरुवार को लॉन्च होने वाला है। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा एफपीओ होगा, जिसके जरिए कंपनी का लक्ष्य 18,000 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस बीच, वोडाफोन आइडिया के शेयर आज 16 अप्रैल को करीब 2 फीसदी गिरकर 12.90 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे हैं।
Vodafone Idea FPO पर वित्त सचिव का बयान
वित्त सचिव सोमनाथन ने कहा कि सरकार वोडाफोन आइडिया की कैपिटल इनवेस्टमेंट प्लान्स को देखकर खुश है। वित्त सचिव ने कहा, "भारत की इकोनॉमिक ग्रोथ के लिए एक संपन्न टेलीकॉम सेक्टर की जरूरत है। हमें कंपटीशन बनाए रखने और कंज्यूमर्स की सुरक्षा के लिए कई ऑपरेटरों की जरूरत है।" बीएसई पर मार्च तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक वोडाफोन आइडिया में सरकार की 32.19 फीसदी हिस्सेदारी है।
सचिव ने सेक्टर में कंपटीशन को बनाए रखने के सरकार के उद्देश्य पर भी बात की। उन्होंने कहा, "प्रतिस्पर्धा को बनाए रखना सरकार का एक प्रमुख नीतिगत लक्ष्य है और यह सितंबर 2021 के टेलीकॉम पैकेज और BSNL में लार्ज कैप इनवेस्टमेंट से दिखता है।"
Vodafone Idea FPO से जुड़ी डिटेल
वोडाफोन आइडिया ने FPO के लिए 10-11 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस एफपीओ के लिए एंकर बुक आज खुल गई है। टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइड करने वाली कंपनी का इरादा FPO के बाद अपनी 5G सर्विसेज लॉन्च करने का है। अगले 24 से 30 महीनों के भीतर कंपनी का लगभग 40 परसेंट रेवेन्यू 5G सर्विसेज के माध्यम से आएगा।
एफपीओ कंपनी की इक्विटी के माध्यम से 20000 करोड़ रुपये का फंड जुटाने की योजना का हिस्सा है। इससे पहले कंपनी ने ओरियाना इन्वेस्टमेंट्स को प्रेफरेंशियल बेसिस पर शेयर जारी करके ₹2,075 करोड़ जुटाए थे।