वालमार्ट (Walmart) के निवेश वाली डिजिटल पेमेंट कंपनी फोनपे (PhonePe) अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। न्यूज एजेंसी PTI ने बुधवार को सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी IPO के जरिए जुटाई रकम का इस्तेमाल अपने फाइनेंशियल सर्विसेज के पोर्टफोलियो को बढ़ाने और अपने UPI आधारित पेमेंट सिस्टम का विस्तार करने में करेगी। हालांकि फोनपे के को-फाउंडर ने इन खबरों को खारिज किया है।
फोनपे के को-फाउंडर और सीईओ समीर निमग (Sameer Nigam) ने कंपनी के IPO लाने से जुड़ी खबरों को खारिज किया है। समीर निगम ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा, "यह काफी मजाकिया है। मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि मेरी ही कंपनी IPO के लिए आवेदन करने जा रही है। शायद PTI और उनके 'इनवेस्टमेंट बैंकर' दोस्त हमारे लिए IPO आवेदन के साथ-साथ रोडशो भी कर सकते हैं? अगर इस प्रक्रिया में मेरी भी जरूरत पड़ी तो कृपया मुझे जरूर बताइएगा।"
इससे पहले PTI ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि PhonePe का मानना है कि इस साल के अंत तक उसका कोर बिजनेस मुनाफे में आ जाएगा और इसके बाद वह शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी शुरू कर देगी। एजेंसी ने कुछ इनवेस्टमेंट बैंकर्स सूत्रों के हवाले से बताया था कि, कंपनी 8 से 10 अरब के वैल्यूएशन पर आईपीओ लॉन्च करने की तैयारी में है।
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी जल्द ही बैंकर्स और कानूनी सलाहकारों को नियुक्त करेगी, जिससे IPO की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। इसके अलावा कंपनी ने अपनी होल्डिंग कंपनी के रजिस्ट्रेशन को सिंगापुर से हटाकर भारत में लाने की भी तैयारी शुरू कर दी है, जिससे वह "मेड इन इंडिया" टैग के साथ आगे बढ़ सके।
फोनपे के बोर्ड ने पहले ही होल्डिंग कंपनी को सिंगापुर से हटाकर इंडिया में रजिस्टर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
बता दें कि फोनपे को साल 2015 में समीर निगम में शुरू किया था और साल 2016 में दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने इसका अधिग्रहण कर लिया था। इसी साल फोनपे ने यस बैंक के साथ साझेदारी में यूपीआई पेमेंट सिस्टम लॉन्च किया था और तब से यह इस सेगमेंट की अग्रणी कंपनियों में बनी हुई है। फिलहाल फोनपे की करीब 87 फीसदी हिस्सेदारी फ्लिपकार्ट के पास है, जिसे दिग्गज अमेरिकी रिटेल कंपनी वालमार्ट ने खरीद लिया है।
फोनपे के CEO समीर निगम ने पिछले साल पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि उनकी कंपनी को IPO लॉन्च करने की कोई जल्दीबाजी नहीं है और वह तभी इसे लॉन्च करेंगे जब ऐसा करना कंपनी के लिए सही होगा।