Year Ender 2023 : यह साल स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (SME) IPO के लिहाज से शानदार साबित हुआ है। 2023 में इस सेगमेंट में कुल 182 कंपनियों की लिस्टिंग हुई है, जो कि एक रिकॉर्ड है। इतना ही नहीं, इन आईपीओ में निवेशकों ने जमकर दांव भी लगाया है। निवेशकों के जबरदस्त रिस्पॉन्स के चलते इनकी लिस्टिंग भी शानदार रही। चित्तौड़गढ़ डॉट कॉम के आंकड़ों के मुताबिक इन 182 कंपनियों ने इश्यू के जरिए 4,967 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इन कंपनियों की लिस्टिंग BSE SMEऔर NSE इमर्ज प्लेटफॉर्म पर हुई है।
2023 में आए सबसे अधिक SME IPO
साल 2023 में SME IPO की धूम रही और इस दौरान सबसे अधिक 182 कंपनियों की लिस्टिंग हुई है। इसके बाद साल 2018 में 144 कंपनियों ने अपना SME IPO लॉन्च किया था। वहीं, पिछले साल यानी 2022 में 109 कंपनियों का SME IPO आया था। इस तरह यह साल SME IPO के लिहाज से जबरदस्त रहा। आंकड़ों के मुताबिक 2023 के 182 SME IPO में से 134 आईपीओ के शेयरों की मुनाफे पर लिस्टिंग हुई है। जबकि 39 आईपीओ ऐसे रहे जिनके निवेशकों को लिस्टिंग पर नुकसान हुआ।
इन SME IPO के शेयरों ने 2023 में किया शानदार प्रदर्शन
यहां उन SME IPO की लिस्ट दी गई है जिन्होंने ऑफर प्राइस और मौजूदा मार्केट प्राइस के लिहाज से साल 2023 में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। इन कंपनियों में आरबीएम इंफ्राकॉन लिमिटेड, गायत्री रबर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड, रेमस फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड, विष्णुसूर्य प्रोजेक्ट्स एंड इंफ्रा लिमिटेड, मेसन वाल्व्स इंडिया लिमिटेड, एक्सिकॉन इवेंट्स मीडिया सॉल्यूशंस लिमिटेड, बोंडाडा इंजीनियरिंग लिमिटेड, सहाना सिस्टम्स लिमिटेड, वासा डेंटिसिटी लिमिटेड और श्रीवारी स्पाइसेस एंड फूड्स लिमिटेड शामिल हैं।
इन आईपीओ को मिला सबसे अधिक सब्सक्रिप्शन
सब्सक्रिप्शन के लिहाज से भी इस साल निवेशकों ने जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई है। SME IPO में जबरदस्त सब्सक्रिप्शन देखने को मिला है। Trident Techlabs का आईपीओ इस लिस्ट में सबसे ऊपर है जिसे कुल 763.30 गुना सब्सक्राइब किया गया। वहीं, Kahan Packaging, Net Avenue Tech, Benchmark Computer Solutions और Srivari Spices and Foods के आईपीओ को भी जमकर सब्सक्रिप्शन मिला।