A Raja Controversy: द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के सांसद ए राजा (A Raja) ने लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) से पहले एक ऐसा बयान दे दिया, जिससे एक बार फिर विपक्षी I.N.D.I.A. गठबंधन का मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए राजा ने हिंदू मान्यताओं की आलोचना की और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने मणिपुर पर न सिर्फ 'अपमानजनक' टिप्पणी की, बल्कि भारत को एक देश मानने तक से इनकार कर दिया।
जाहिर भारतीय जनता पार्टी इस तरह बयानों को लेकर चुप नहीं तो बैठेगी। राजा के विवादित बयानों से नाराज होकर, BJP ने कांग्रेस और I.N.D.I.A. गुट के दूसरे दलों की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए, उनसे जवाब मांगा है।
अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाने वाले ए राजा ने कहा कि उनके राज्य के लोग 'जय श्री राम' और 'भारत माता' को स्वीकार नहीं करेंगे, "अगर आप कहते हैं कि ये भगवान है। अगर ये आपका 'जय श्री राम' है, अगर ये आपकी 'भारत माता की जय' है, तो हम उस 'जय श्री राम' और 'भारत माता की जय' को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। तमिलनाडु स्वीकार नहीं करेगा। जाओ जाकर कह दो, हम राम के शत्रु हैं।”
राजा ने 3 मार्च को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के 71वें जन्मदिन के मौके पर कोयंबटूर में एक सार्वजनिक सभा के दौरान ये बयान दिया। DMK नेता ने यह भी कहा, “मुझे रामायण और भगवान राम में विश्वास नहीं है। अगर आप कहते हैं कि रामायण के नाम पर मानव सद्भाव है, जहां चार भाई भाई-बहन के रूप में पैदा होते हैं, एक कुरावर भाई के रूप में, एक शिकारी भाई के रूप में, दूसरा बंदर एक और भाई के रूप में, एक और बंदर छठे भाई के रूप में पैदा होता है, तो आपका जय श्री राम है छी! बेवकूफ़!”
PM मोदी पर भी साधा निशाना
इसके बाद उन्होंने हिंडनबर्ग रिपोर्ट का हवाला देते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा। राजा ने मोदी पर 'आम लोगों को लूटने में गौतम अदाणी की मदद करने' का आरोप लगाया। उन्होंने हिंसा प्रभावित मणिपुर नहीं जाने के लिए प्रधानमंत्री की आलोचना की और उन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों पर सफाई देने की चुनौती दी।
इतना ही नहीं अपने भाषण के दौरान, DMK सांसद ने कहा कि 'भारत एक राष्ट्र नहीं बल्कि एक उपमहाद्वीप है।' अपने इन दावों के समर्थन में उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का भी हवाला दिया।
वहीं ए राजा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी मीडिया सेल प्रभारी अमित मालवीय ने कहा कि DMK ने पहले सनातन धर्म के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं और फिर भारत के विचार और पीएम मोदी पर निशाना साधा।
उन्होंने X पर ए राजा का वीडिय भी शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा "DMK के गुट से नफरत भरे भाषण लगातार जारी हैं। उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म को नष्ट करने के आह्वान के बाद, अब यह एक राजा है, जो भारत के विभाजन का आह्वान करता है, भगवान राम का उपहास करता है, मणिपुरियों पर अपमानजनक टिप्पणियां करता है, और एक देश के रूप में भारत के विचार पर सवाल उठाता है। कांग्रेस और बाकी I.N.D.I गठबंधन के साथी चुप हैं। उनके कथित प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार राहुल गांधी की चुप्पी भी साफ है।"