Tej Pratap yadav : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल में भूचाल आ गया है। रविवार को RJD प्रमुख लालू यादव ने अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी और परिवार से बेदखल कर दिया है। राजद प्रमुख लालू यादव ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि, अब परिवार और पार्टी में तेजप्रताप की कोई भूमिका नहीं है। तेजप्रताप यादव को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया है। वहीं तेजप्रताप यादव को पार्टी से निकाले जाने पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पहली प्रतिक्रिया दी है।
तेजस्वी यादव ने कही ये बात
तेज प्रताप के छोटे भाई और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, "हम पार्टी में अनुशासन और जनता के प्रति जिम्मेदारी को प्राथमिकता देते हैं। ऐसी बातें हम बर्दाश्त नहीं कर सकते।" तेजस्वी ने आगे कहा, "राजनीति और व्यक्तिगत जीवन अलग-अलग हैं। मेरे बड़े भाई को अपने निजी फैसले लेने का पूरा अधिकार है, वह वयस्क हैं और अपनी राह खुद चुन सकते हैं।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव का है और उनकी भावना का प्रतिनिधित्व करता है। तेजस्वी बोले, "हमें इस फैसले की जानकारी मीडिया से ही मिली। जहां तक मेरे भाई की निजी ज़िंदगी की बात है, वह क्या करते हैं, उसके लिए कोई पहले से राय नहीं मांगता।"
दरअसल इस पूरे मामले पर लालू यादव ने चुप्पी तोड़ते पोस्ट कर लिखा कि निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना सामाजिक न्याय के लिए हमारे सामूहिक संघर्ष को कमजोर करती है। बड़े बेटे की गतिविधियां, सार्वजनिक आचरण और गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कार के अनुरूप नहीं हैं। इसलिए उपरोक्त परिस्थितियों के कारण मैं उन्हें पार्टी और परिवार से निकालता हूं।
रिलेशनशिप के खुलासे पर मचा बवाल
आपको बता दें तेजप्रताप ने बीते दिन (शनिवार 25 मई) को ही अपने रिलेशनशिप का ऐलान किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया था कि वो एक के साथ पिछले 12 सालों से रिलेशनशिप में हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड की तस्वीर भी शेयर की थी। हांलाकि तेजप्रताप ने अपना पोस्ट डिलीट करने के बाद कहा था कि, सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया था, और एआई जेनरेटेड तस्वीरों के साथ बदनाम किया गया। रिलेशनशिप के खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर लोग तेज प्रताप यादव को लेकर कई तरह के सवाल उठा रहे थे। बता दें कि इससे पहले तेज प्रताप यादव की शादी 2018 में हुई थी।