Bihar News: सारण हिंसा मामले में रोहिणी आचार्य के खिलाफ FIR दर्ज, लालू यादव की बेटी पर संगीन धाराओं में केस

Bihar Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में बिहार की 5 लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले गए। इस दौरान सारण के भिखारी ठाकुर चौक पर दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में एक युवक की मौत और दो लोग घायल हो गए

अपडेटेड May 23, 2024 पर 1:18 PM
Story continues below Advertisement
Bihar Lok Sabha Elections 2024: आचार्य सारण से I.N.D.I.A. गठबंधन की प्रत्याशी हैं

Bihar Lok Sabha Elections 2024: बिहार के सारण जिले में मंगलवार (21 मई) सुबह चुनाव बाद हुई हिंसा मामले में RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नगर थाना में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक कार्यकर्ता ने सारण से आरजेडी उम्मीदवार रोहिणी आचार्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है। रोहिणी पर बूथ पर हंगामा करने और वोटिंग प्रभावित करने का आरोप है। आचार्य सारण से I.N.D.I.A. गठबंधन की प्रत्याशी हैं। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए।

BJP कार्यकर्ता मनोज सिंह ने नगर पुलिस थाना में रोहिणी आचार्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है। सारण लोकसभा क्षेत्र के बड़ा तेलपा बूथ संख्या 318, 319 पर हुए बवाल को लेकर ये FIR दर्ज कराई गई है। रोहिणी के खिलाफ धारा 307, 171C, 188 और ROP Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। ये सभी गैर जमानती धाराएं हैं। इस मामले में रोहिणी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। FIR दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला?


सारण पुलिस के अनुसार, मंगलवार को नगर थानाक्षेत्र में तेलपा के पास दो पक्षों के बीच झड़प के दौरान गोलीबारी हुई जिसमें एक पक्ष के तीन लोगों को गोली लगी। बताया जा रहा है कि सोमवार को मतदान केंद्रों 318, 319 के पास बीजेपी और आरजेडी कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी, गाली-गलौज एवं पथराव की प्रतिक्रिया के फलस्वरूप संभवत: यह झड़प हुई।

घायलों में से चंन्दन कुमार की मृत्यु हो गई एवं जबकि मनोज राय और गुड्डु राय का इलाज चल रहा हैं एवं दोनों वर्तमान में खतरे से बाहर हैं। पुलिस के अनुसार चंदन के परिजन के बयान पर FIR दर्ज की गई है और घटना में संलिप्त अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी भी की जा रही है।

मामले में दो गिरफ्तार

पुलिस ने कहा कि उसने दो आरोपियों रामाकांत सिंह और रविकांत सिंह को हिरासत में लिया है एवं उनके पास से हथियार एवं गोली भी बरामद हुई है। एफएसएल की टीम ने भी घटना स्थल की जांच की है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

इस घटना के संबंध में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर नगर थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार तिवारी को लाईन हाजिर किया गया है। घटना-स्थल एवं आस-पास सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है तथा अर्धसैनिक बल भी क्षेत्र में लागातार फलैग मार्च कर रहा है।

रोहिणी और रूडी के बीच मुकाबला

सारण लोकसभा सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (BJP) के निवर्तमान सांसद राजीव प्रताप रूडी से है। पटना में घायलों के परिवार से मुलाकात के बाद आचार्य ने कहा, "आज की घटना साबित करती है कि भाजपा नेता डरे हुए हैं। यह लोकतंत्र की हत्या है। मैं अपने कार्यकर्ताओं के लिए न्याय चाहती हूं। मेरी पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं को गोली मार दी गई। यहां तक कि सोमवार को मतदान के दौरान भी मुझ पर जानलेवा हमला हुआ, मैं बाल-बाल बच गई।"

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी पंजाब के पटियाला में करेंगे जनसभा, UP में गरजेंगे अमित शाह

घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सारण लोकसभा सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "घटना बेहद निंदनीय है। निर्वाचन आयोग को इस मामले की गहनता से जांच करनी चाहिए। सोमवार को मतदान के दौरान सारण में RJD प्रत्याशी मतदान केंद्रों में कैसे घुस गईं। इसकी भी जांच होनी चाहिए क्योंकि यह सरासर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। कोई भी उम्मीदवार उस केंद्र को छोड़कर ,जहां उसका नाम मतदाता के रूप में रजिस्टर्ड है, किसी भी अन्य मतदान केंद्र में एंट्री नहीं कर सकता। यह RJD नेताओं के काम करने का तरीका है।"

MoneyControl News

MoneyControl News

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।