'घोटाले से जमा किए पैसों का करें इस्तेमाल' कांग्रेस के बैंक अकाउंट फ्रीज करने के आरोप पर BJP का जोरदार पलटवार
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित प्रमुख विपक्षी दल के नेताओं ने एक मीडिया के सामने लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी के बैंक अकाउंट को 'फ्रीज' किए जाने का दावा किया। इस पर BJP अध्यक्ष ने कहा कि अपनी गलतियों को सुधारने के बजाय कांग्रेस अपनी परेशानियों के लिए अधिकारियों को दोषी ठहरा रही है
कांग्रेस के बैंक अकाउंट फ्रीज करने के आरोप पर BJP का जोरदार पलटवार
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बैंक अकाउंट को 'फ्रीज' करने के कांग्रेस (Congress) के आरोपों को गुरुवार को खारिज कर दिया और दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) में बहुत बुरी हार को देखते हुए वह पूरी तरह से हताशा में बहाने बना रही है। BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि‘ऐतिहासिक हार’ की आशंका को देखते हुए कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भारतीय लोकतंत्र और संस्थाओं के खिलाफ ‘जमकर भड़ास’ निकाल रहा है।
नड्डा ने कांग्रेस के आरोपों के कुछ ही देर बाद ‘X’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि कांग्रेस अपनी ‘अप्रासंगिकता’ का दोष अपनी सुविधा के अनुसार ‘वित्तीय परेशानियों’ पर मढ़ रही है, जबकि वास्तव में उसका दिवालियापन नैतिक और बौद्धिक है, वित्तीय नहीं।
BJP अध्यक्ष ने कहा कि अपनी गलतियों को सुधारने के बजाय कांग्रेस अपनी परेशानियों के लिए अधिकारियों को दोषी ठहरा रही है।
उन्होंने कहा, "चाहे वो ITAT (आयकर अपीलीय अधिकरण) हो या दिल्ली हाई कोर्ट, उन्होंने कांग्रेस को नियमों का पालन करने और बकाया टैक्स का भुगतान करने के लिए कहा, लेकिन पार्टी ने कभी ऐसा नहीं किया।"
'घोटालों से जमा पैसे का इस्तेमाल कर सकती है कांग्रेस'
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस पार्टी ने हर क्षेत्र से, हर राज्य में और इतिहास के हर क्षण में ‘लूटा’ है, उसके लिए वित्तीय लाचारी की बात करना हास्यास्पद है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "कांग्रेस अपने चुनाव प्रचार के लिए जीप से लेकर बोफोर्स और हेलिकॉप्टर घोटाले तक... अपने सभी घोटालों से जमा धन का इस्तेमाल कर सकती है।"
राहुल गांधी कांग्रेस के 'शॉर्ट टर्म' नेता
राहुल गांधी पर हमला करते हुए नड्डा ने उन्हें कांग्रेस का ‘शॉर्ट टर्म’ नेता करार दिया और ‘भारत में लोकतंत्र नहीं बचा है’ जैसे आरोप लगाने के लिए उन्हें आपातकाल की याद दिलाई।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस के शॉर्ट टर्म नेता कहते हैं कि भारत में लोकतंत्र होना झूठ है। क्या मैं उन्हें विनम्रतापूर्वक याद दिला सकता हूं कि भारत में 1975 और 1977 के बीच केवल कुछ महीनों के लिए लोकतंत्र नहीं था और उस समय भारत की प्रधानमंत्री कोई और नहीं बल्कि श्रीमती इंदिरा गांधी थीं।"
'भारतीय लोकतंत्र को शर्मसार किया'
वहीं नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पार्टी हेडक्वार्टर में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर इस मुद्दे पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और सोनिया गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ने अपने गैर-जिम्मेदाराना बयानों से वैश्विक स्तर पर भारतीय लोकतंत्र को शर्मसार किया है।
प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस ने समय पर इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल नहीं किया, जिसके कारण उसके अकाउंट फ्रीज (लेनदेन पर रोक) किए गए।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर इस मुद्दे पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी को कोई न्यायिक राहत नहीं मिली और अब कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट गई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर हाई कोर्ट ने कांग्रेस की खिंचाई भी की थी।
प्रसाद ने कहा, "हम कांग्रेस को शुभकामनाएं देते हैं और पार्टी को हमारी सलाह है कि जितना ज्यादा आप राहुल गांधी को बोलने देंगे, उतना ही ज्यादा अपना आधार खो देंगे।" उन्होंने कहा कि अगर लोग कांग्रेस को वोट नहीं देना चाहते, तो BJP कुछ नहीं कर सकती।
कांग्रेस ने लगाए ये आरोप
इससे पहले, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित प्रमुख विपक्षी दल के नेताओं ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में चुनाव से पहले पार्टी के बैंक खातों को 'फ्रीज' किए जाने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से कांग्रेस को आर्थिक रूप से पंगु बनाने की सुनियोजित कोशिश की जा रही है।
खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र के लिए चुनाव अनिवार्य होता है, साथ ही यह भी आवश्यक है कि सभी राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर वाली स्थिति हों।
उन्होंने कहा, ‘‘ये नहीं कि जो सत्ता में हैं, संसाधनों पर उनका एकाधिकार हो और देश की संस्थाओं पर प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से उनका नियंत्रण हो।’’