DD News Logo Row: नेशनल ब्रॉडकास्टर DD News के लोगो के रंग में बदलाव करने के फैसले से शनिवार को राजनीतिक उथल-पुथल मच गई। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने इस कदम को 'अनैतिक' और 'अवैध' बताया, तो इस पर BJP मीडिया सेल के प्रमुख अमित मालवीय (Amit Malviya) ने 1982 के कलर टेस्टिंग का जिक्र करते हुए, इसे राष्ट्रीय प्रसारक की 'घर वापसी' करार दिया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने भी ममता पर तंज कसते हुए कहा, 'दीदी, भारत माता की जय'।
ये सब तब शुरू हुआ, जब ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, "जब पूरे देश में राष्ट्रीय चुनाव हो रहे हैं, तो अचानक भगवाकरण और हमारे दूरदर्शन लोगो का रंग बदलने से मैं हैरान हूं!" उन्होंने आगे लिखा, "यह बिल्कुल अनैतिक, पूरी तरह से अवैध है, और नेशनल पब्लिक ब्रॉकास्टर के BJP-समर्थक पूर्वाग्रह को जोर-शोर से बयां करता है!"
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने इसके समय पर सवाल उठाते हुए कहा, "जब लोग चुनावी मोड में हैं, तो भारत का चुनाव आयोग आदर्श आचार संहिता के इस भद्दे, भगवा समर्थक उल्लंघन की अनुमति कैसे दे सकता है?! ECI को इसे तुरंत रोकना चाहिए और दूरदर्शन के लोगो के पुराने नीले रंग बदलने के फैसले को वापस लेना चाहिए!"
इस पर BJP के IT सेल के हेड अमित मालवीय ने 1982 की दूरदर्शन के लोगो की एक तस्वीर शेयर की। उन्होंने X पर ममता के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा, "गाली न देने के लिए धन्यवाद। पिछले कुछ समय से आपकी भाषा भद्दी और घृणित है। चुनाव हारने के आसार दिख रहे हैं।"
मालवीय ने आगे लिखा, "दूरदर्शन के भगवा रंग पर, इसका परीक्षण 1982 में किया गया था। इसलिए, चौंकिए मत और पता लगाइए कि इसे नीला रंग में किसने बदला। ये कुछ नहीं बल्कि नेशनल ब्रॉडकास्टर की घर वापसी है।"
वहीं सूचना और प्रसारण (I&B) मंत्री अनुराग ठाकुर ने TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी के साथ तीखी नोकझोंक की, जिन्होंने इसे 'भगवाकरण' कहा।
एक व्यंग्य वाले सोशल मीडिया पोस्ट में, ठाकुर ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 'भगवा' के खिलाफ लगातार रुख का जवाब दिया। ठाकुर ने बनर्जी पर उनके 'भगवा' प्रेम के लिए ताना मारा। उन्होंने अपनी पोस्ट का आखिर में 'दीदी, भारत माता की जय' के साथ किया।
उन्होंने लिखा, "इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है, 'भगवा' को लेकर आपका प्रेम खुलेआम सबको मालूम है। दीदी, भारत माता की जय।"
सरकारी दूरदर्शन के न्यूज चैनल DD News का नया लोगो के लॉन्च होने के महज 48 घंटे बाद ही इस पर बहस छिड़ गई है। DD News का पिछला लोगो गहरे लाल रंग में था और नया लोगो नारंगी रंग में है।