Jharkhand Elections: झारखंड के लिए BJP का घोषणा पत्र जारी, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2100 रुपये, फ्री में 2 सिलेंडर

Jharkhand Elections BJP Manifesto: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी का घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी झारखंड में कुशासन-भ्रष्टाचार का अंत करेगी। माटी, बेटी और रोटी की सुरक्षा करेगी। इस दौरान असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, संजय सेठ और बीजेपी झारखंड अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी मौजूद रहे

अपडेटेड Nov 03, 2024 पर 12:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Jharkhand Elections BJP Manifesto: झारखंड में बीजेपी की सरकार आने पर दीपावली और रक्षाबंधन में महिलाओं को एक-एक सिलेंडर फ्री में दिया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और झारखंड के भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी मौजूद थे। शाह ने कहा कि अगर राज्य में बीजेपी की सरकार आती है तो सभी महिलाओं को 2.100 रुपये हर महीने दिए जाएंगे। इसके साथ ही महिलाओं को साल में दो बार फ्री गैस सिलेंडर दिया जाएगा। एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी झारखंड में कुशासन-भ्रष्टाचार का अंत करेगी। माटी, बेटी और रोटी की सुरक्षा करेगी। उन्होंने ये भी कहा कि झारखंड में यूसीसी जरूर लागू होगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "झारखंड में UCC (समान नागरिक संहिता) लागू किया जाएगा। लेकिन आदिवासी समुदाय को UCC के दायरे से बाहर रखा जाएगा। इस दौरान शाह ने सत्ता पर कब्जा जमाए हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा घुसपैठियों को संरक्षण देती है। इसे हटाने के लिए बीजेपी का चयन करना होगा। शाह ने आगे कहा कि भाजपा झारखंड की ‘माटी, बेटी, रोटी’ की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, जो वर्तमान शासन में गंभीर खतरे में हैं।

हर महीने महिलाओं को मिलेंगे 2100 रुपये


बीजेपी ने झारखंड में महिलाओं के लिए ‘गोगो दीदी योजना’ शुरू करने का ऐलान किया है। इस योजना के जरिए बीजेपी की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने की 11 तारीख को 2,100 रुपये दिए जाएंगे। वहीं दिवाली और रक्षाबंधन पर एक-एक गैस सिलेंडर फ्री में मुहैया कराया जाएगा। इसके साथ ही 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। बेरोजगारी को दूर करने के लिए भाजपा ने सूबे में 5 लाख रोजगार के अवसर पैदा करने का ऐलान किया है। वहीं 3 लाख पदों पर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से भर्ती करने का ऐलान किया है। वहीं पार्टी ने घुसपैठियों की ओर से कब्जा की गई आदिवासियों की जमीन को वापस लौटान का ऐलान किया है। झारखंड में ‘प्रश्न पत्र लीक’ होने की सीबीआई, एसआईटी जांच की जाएगी। दोषियों को जेल भेजा जाएगा।

भाजपा जो कहती है वो करती है – प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन की बातों पर कोई विश्वास नहीं करता है। 5 साल तक इन्होंने झारखंड के खूब ठगा है। जो 5 साल तक लूटते रहे, उन पर कौन भरोसा करेगा। भाजपा जो कहती है वो करती है। इसलिए हमने कहा कि 2100 रुपये हर महीने महिलाओं के खाते में जाएगा। जनता को उस पर पूरा भरोसा है।

'पुलिस की गाड़ियों से सत्ताधारी दल के उम्मीदवारों को भेजे जा रहे पैसे' महाराष्ट्र चुनाव से पहले शरद पवार ने लगाए गंभीर आरोप

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।