कंगना रनौत ने पुष्टि की है कि अगर वो लोकसभा चुनाव 2024 में मंडी सीट जीत गईं, तो बॉलीवुड छोड़ देंगी। अभिनेत्री हाल ही में राजनीति में अपना डेब्यू कर रही हैं और हिमाचल प्रदेश में अपने गृहनगर मंडी से चुनाव लड़ रही हैं। कंगना भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं। कंगना ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया और अपना सारा समय प्रचार के लिए समर्पित कर दिया है। हाल ही में न्यूज चैनल को दिए एक इंटरव्यू में कंगना से पूछा गया कि अगर वो लोकसभा चुनाव में मंडी की सीट जीतती हैं, तो अपने कमिटमेंट पूरे करने के बाद धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री छोड़ देंगी?
आज तक को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "हां… मुझे बहुत सारे फिल्म निर्माता कहते हैं कि हमारे पास एक अच्छी हीरोइन है, कृपया मत जाओ। मैं अच्छी एक्टिंग करती हूं, पर चलो वो भी एक अच्छा कॉम्पलिमेंट है। मैं इसे अपनी प्रगति में लेती हूं।"
कंगना ने चुनाव लगाया पूरा दम
कंगना रनौत (Kangana Ranaut) अपनी चुनावी ड्यूटी को काफी गंभीरता से ले रही हैं। उन्होंने हाल ही में हिमाचल प्रदेश में मतदान से पहले अपनी संपत्ति की घोषणा की। हलफनामे के मुताबिक, कंगना रनौत के पास 91 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जिसमें गहने, कारें और अचल संपत्ति शामिल है। उन पर 17 करोड़ रुपए का कर्ज भी है।
Indian Express के मुताबिक, कंगना ने दस्तावेज जमा कर खुलासा किया है कि उनके पास 28.7 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 62.9 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है।
अभिनेत्री ने खुलासा किया कि उनके पास देश भर में संपत्तियां हैं। इनमें मुंबई में तीन घर शामिल हैं, जिनकी कीमत 16 करोड़ रुपए है और मनाली में एक बंगला है, जिसकी कीमत 15 करोड़ रुपए है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनके पास चंडीगढ़ में चार संपत्तियां, मुंबई में एक कमर्शियल प्रॉपर्टी और मनाली में एक कमर्शियल बिल्डिंग है।
कंगना के पास कितने हैं गहने?
क्वीन स्टार ने हलफनामे में यह भी बताया कि उनके पास 6.7 किलो सोने के गहने हैं, जिनकी कीमत 5 करोड़ रुपए है, 60 किलोग्राम चांदी के गहने हैं, जिनकी कीमत 50 लाख रुपए है, और हीरे के गहने हैं, जिनकी कीमत 3 करोड़ रुपए है।
उनके पास तीन लग्जरी कारें भी हैं - 98 लाख रुपए की BMW, 58 लाख रुपए की Mercedes Benz और 3.91 करोड़ रुपए की Mercedes Maybach।
उन्होंने 53,000 रुपए कीमत का स्कूटर घोषित किया है। कंगना ने यह भी बताया कि उनके पास वर्तमान में 2 लाख रुपए कैश के साथ 1.35 करोड़ रुपए का बैंक बैलेंस है। उन्होंने इस बात पर रोशनी डाली कि उन पर 17 करोड़ रुपए का कर्ज है।
मंडी से टिकट मिलने के बाद से अभिनेत्री ने हिमाचल प्रदेश में कई रैलियां की हैं और अपने बयानों से सुर्खियां बटोर रही हैं। हिमाचल प्रदेश में मतदान 1 जून को होगा।