'सिर्फ घर पर खाना पकाने के लिए फिट हैं', कांग्रेस विधायक के बयान पर भड़कीं साइना नेहवाल

Karnataka Lok Sabha Election 2024: स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने भी दावणगेरे सीट से बीजेपी उम्मीदवार गायत्री सिद्धेश्वर पर की गई महिला विरोधी टिप्पणी करने के लिए शिवशंकरप्पा की आलोचना की है। दावणगेरे दक्षिण से 92 वर्षीय मौजूदा विधायक शिवशंकरप्पा ने कहा था कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद सिद्धेश्वर जीएम की पत्नी गायत्री 'केवल रसोई में खाना बनाना जानती हैं।'

अपडेटेड Mar 30, 2024 पर 7:47 PM
Karnataka Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस विधायक के महिला विरोधी बयान पर बवाल मच गया है

Karnataka Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद राजनीतिक नेताओं की ओर से विवादित बयान देने का सिलसिला जारी है। कर्नाटक कांग्रेस नेता शमनूर शिवशंकरप्पा (Shamanur Shivashankarappa) के बयान पर हंगामा खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शिवशंकरप्पा के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार महिलाओं का अपमान कर रही है। इस बीच, स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल (Saina Nehwal) ने भी दावणगेरे सीट से बीजेपी उम्मीदवार गायत्री सिद्धेश्वर (Gayathri Siddeshwara) पर की गई महिला विरोधी टिप्पणी करने के लिए शिवशंकरप्पा की आलोचना की है।

दावणगेरे दक्षिण से 92 वर्षीय मौजूदा विधायक शिवशंकरप्पा ने कहा था कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद सिद्धेश्वर जीएम की पत्नी गायत्री 'केवल रसोई में खाना बनाना जानती हैं।' उनकी टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए नेहवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, "कर्नाटक के एक शीर्ष नेता शमनूर शिवशंकरप्पा जी ने कहा है कि महिलाओं को रसोई तक ही सीमित रहना चाहिए। दावणगेरे से उम्मीदवार गायत्री सिद्धेश्वरा पर की गई इस जेंडर टिप्पणी की कम से कम ऐसी पार्टी से उम्मीद नहीं की जा सकती जो कहते हैं कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं।"

लंदन ओलंपिक 2012 में कांस्य पदक जीतने वाली 34 वर्षीय नेहवाल ने कहा कि जब देश में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ने की ख्वाहिश रखती हैं तो महिलाओं के खिलाफ इस तरह की द्वेषपूर्ण टिप्पणी परेशान करने वाली हैं। उन्होंने लिखा, "जब मैंने खेल के मैदान पर भारत के लिए पदक जीते तो कांग्रेस पार्टी मुझसे क्या चाहती थी, मुझे क्या करना चाहिए था? इस तरह क्यों कहा जा रहा है, जब सभी लड़कियां और महिलायें किसी भी क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करने का सपना देखती हैं।"


ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: पूर्णिया में पप्पू यादव की लोकप्रियता से RJD में टेंशन! लालू यादव ने बनाया ये खास प्लान

नेहवाल ने आगे लिखा, "एक तरफ हम नारी शक्ति को वंदन कर रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सर के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक पारित किया गया है और दूसरी तरफ नारी शक्ति का अपमान और महिला विरोधी लोग। यह बहुत ही परेशान करने वाला है।" शिवशंकरप्पा ने हाल में कहा, "वह (गायत्री) ठीक से बोलना भी नहीं जानती। वह घर पर खाना पकाने के लिए फिट है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।