Lok Sabha Chunav 2024 Live: कांग्रेस को अलविदा कहेंगे संजय निरुपम!
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले एक बार फिर कांग्रेस को झटका लगने वाला है। मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम भी पार्टी छोड़ने की तैयारी में हैं। दरअसल, खबर है कि कांग्रेस 18वीं लोकसभा चुनाव से पहले वरिष्ठ नेता संजय निरुपम को पार्टी से निष्कासित कर सकती है। कांग्रेस की इस कार्रवाई से पहले ही निरुपम पार्टी को अलविदा कह सकते हैं। बुधवार (3 अप्रैल) की शाम संभावित निष्कासन के बारे में मीडिया में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाना पटोले के बयानों के बाद निरुपम ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट X पर घोषणा की कि वह अगले 24 घंटों के भीतर निर्णय लेंगे।
बुधवार को निरुपम ने X पर लिखा, "कांग्रेस पार्टी मेरे लिए ज्यादा ऊर्जा और स्टेशनरी नष्ट ना करे। बल्कि अपनी बची-ख़ुची ऊर्जा और स्टेशनरी का इस्तेमाल पार्टी को बचाने के लिए करे। वैसे भी पार्टी भीषण आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है। मैंने जो एक हफ़्ते की अवधि दी थी, वह आज पूरी हो गई है। कल (4 अप्रैल) मैं खुद फ़ैसला ले लूंगा।"