18वीं लोकसभा का विशेष सत्र 24 जून से शुरू हो सकता है। यह 3 जुलाई तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने इस मामले की जानकारी दी है। 18वीं लोकसभा के लिए चुने गए नवनिर्वाचित सांसद 24 और 25 जून को शपथ ले सकते हैं। इसके अलावा लोकसभा स्पीकर का चुनाव 26 जून को होने की संभावना जताई जा रही है। इसी तरह राज्यसभा का 264वां सत्र 27 जून से शुरू होगा और यह 3 जुलाई को खत्म हो जाएगा। बता दें कि 4 जून को लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आए थे।
इसमें बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने 293 सीटों के साथ जीत हासिल की थी। नतीजों के बाद से ही यह बात काफी हद तक साफ हो चुकी थी कि आगे एनडीए केंद्र में सरकार बनाएगा और नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस सत्र में मोदी सरकार 3.0 का पहला बजट पेश करेंगी। इसकी तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 5 पूर्ण और 1 अंतरिम बजट पेश किया है। इसी के साथ वित्त मंत्री निर्मला सीतरमण पूर्व प्रधानमंत्री मोररजी देसाई के लगातार 6 बजट पेश करने का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगी। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 71 मंत्रियों की नई परिषद का शपथ ग्रहण समारोह 9 जून को खत्म हो गया है। नए मंत्रियों ने अपने मंत्रालयों का कार्यभार भी संभाल लिया है। हाल ही में संपन्न 7 चरणों के आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 294 सीटें जीतीं और विपक्ष के इंडिया ब्लॉक को 234 सीटें मिली हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संयुक्त सत्र को कर सकती हैं संबोधित?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों यानी लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को भी संबोधित कर सकती हैं। राष्ट्रपति मुर्मू अभिभाषण के जरिए केंद्र की मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के एजेंडे को पेश करेंगी।