'देश की जनता Moye Moye कर देगी' I.N.D.I.A. गुट पर राजनाथ सिंह ने कसा ऐसा तंज, बज उठीं तालियां

Loksabha Chunav 2024: राजनाथ सिंह BJP के गाजियाबाद लोकसभा सीट से उम्मीदवार अतुल गर्ग के समर्थन में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। राजनाथ ने 2009 में इसी सीट से लोकसभा चुनाव जीता था, लेकिन 2014 में लखनऊ चले गए थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कभी-कभी भाजपा के विरोधी गरीबी के आंकड़ों को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाते हैं, लेकिन उन्हें पिछले नौ सालों में लाए गए बदलावों के बारे में नीति आयोग और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय फर्मों के आंकड़ों की जांच करनी चाहिए

अपडेटेड Apr 03, 2024 पर 6:22 PM
Loksabha Chunav 2024: गाजियाबाद में BJP उम्मीदवार अतुल गर्ग का प्रचार करने के लिए पहुंचे राजनाथ सिंह

Loksabha Chunav 2024: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने I.N.D.I.A. ब्लॉक पर सोशल मीडिया के ट्रेंड के जरिए बड़ा जबरदस्त तंज कसा। उन्होंने बुधवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन लोकसभा चुनाव में NDA या BJP का मुकाबला नहीं कर सकता, देश की जनता इनका मोये-मोये (Moye Moye) कर देगी। गाजियाबाद में सात चरण के आम चुनावों के लिए मौजूदा विधायक और BJP उम्मीदवार अतुल गर्ग के पक्ष में प्रचार करते हुए, सिंह ने कहा कि विपक्षी गुट को लोकसभा चुनावों में NDA का मुकाबला करने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "BJP से लड़ने और उसे हराने के लिए कई विपक्षी दल एक साथ आए। हालांकि, आप सभी देख सकते हैं कि यह कुछ स्वार्थी विपक्षी नेताओं की सुविधा का गठबंधन है। वे एकजुट होकर भी एनडीए का सामना नहीं कर सकते। इस देश की जनता इनका भी मोये-मोये कर देगी।"

क्या है Moye-Moye?


वायरल 'मोये मोये' ट्रेंड एक सर्बियाई गाने से शुरू हुआ, जिसने TikTok पर बड़े पैमाने पर लोकप्रियता हासिल की और बाद में अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैल गया।

हिट गाना 'मोये मोर', आधिकारिक तौर पर सर्बियाई सिंगर-म्यूजिशियन तेया डोरा ने 'डेज़नम' के नाम से रिलीज किया था। गाने के बोल पीड़ा, निराशा और बुरे सपने की ओर इशारा करते हैं।

हालांकि, भारत में, नेटिज़न्स ने गाने को अपने इंस्टाग्राम रील्स और मीम्स के साथ दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर सेट किया।

जो मोदी ने किया, दुनिया का कोई नेता नहीं कर सका: राजनाथ

इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस, यूक्रेन और अमेरिका के नेताओं से बात करने के बाद यूक्रेन में फंसे 22,500 भारतीय छात्रों की वापसी में मदद की। यह काम दुनिया का कोई दूसरा नेता नहीं कर सका।

सिंह ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, "भारत एक शक्तिशाली देश बन गया है। दुनिया भारत को गंभीरता से नहीं लेती थी, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मोदी ने चमत्कार कर दिखाया है। आज जब भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर बोलता है तो पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है। यह भारत की प्रतिष्ठा है, जो तेजी से बढ़ी है।"

पिछले दो साल से चल रहे रूस-यूक्रेन संघर्ष का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, "करीब 25,000 भारतीय छात्र यूक्रेन में पढ़ रहे थे। उनके माता-पिता ने हमारे प्रधानमंत्री से मांग की कि बच्चों को वापस लाया जाए...भारत में हर माता-पिता चिंतित थे।"

साढ़े चार घंटे के लिए रूस-यूक्रेन युद्ध रुका- राजनाथ 

उन्होंने कहा, "जो दुनिया का कोई भी प्रधानमंत्री नहीं कर सका, वह हमारे प्रधानमंत्री ने किया। उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को फोन किया। इतना ही नहीं, उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन से भी बात की, जिसे सबसे शक्तिशाली देश माना जाता है।"

सिंह ने दावा किया, "भाइयों और बहनों, आपको गर्व होना चाहिए कि साढ़े चार घंटे के लिए युद्ध रुका और 22,500 से अधिक भारतीय बच्चे यूक्रेन से वापस आए। यह भारत है।"

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने संकल्प लिया है कि भारत अब गरीब देशों में नहीं गिना जाएगा और 2047 तक यह दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।