प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 अप्रैल को बीजेपी और एनडीए के उन सभी उम्मीदवारों को व्यक्तिगत तौर पर चिट्ठी लिखी है, जिनकी सीटों पर मतदान लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को होगा। 2024 का लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल को शुरू हो रहा है और यह 1 जून को खत्म होगा। इस चुनाव के लिए वोटिंग 7 चरणों में होंगे। नतीजों का ऐलान 4 जून को होगा।
तमिलनाडु बीजेपी के अध्यक्ष के अन्नामलाई को लिखी चिट्ठी में मोदी ने कहा है, 'मेरे साथी कार्यकर्ता, रामनवमी के पावन अवसर पर आपको चिट्ठी लिखना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है। नौकरी छोड़कर सीधे तौर पर लोगों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्धता जताने को लेकर आप बधाई के पात्र हैं। '
चिट्ठी में लिखा गया है, ' तमिलनाडु में बीजेपी को आम लोगों तक पहुंचाने में आपकी अहम भूमिका रही है। आपके प्रतिबद्ध नेतृत्व से कोयंबटूर को काफी फायदा मिलेगा। मुझे पूरा भरोसा है कि लोगों के आशीर्वाद से आप संसद पहुंचेंगे। आपके जैसे सदस्य मेरे लिए अमूल्य निधि की तरह हैं। एक टीम के तौर पर हम देश और क्षेत्र के लोगों के कल्याण के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।'
प्रधानमंत्री ने इसमें लिखा है, 'इस चिट्ठी के जरिये मैं लोगों को बताना चाहूंगा कि यह कोई साधारण चुनाव नहीं है। पिछले 10 साल में समाज के हर तबके के जीवन स्तर में सुधार हुआ है और कई समस्याओं को दूर किया गया है। हालांकि, अब भी काफी कुछ किया जाना बाकी है और सभी को बेहतर जीवन देने के हमारे मिशन के लिहाज से यह चुनाव काफी निर्णायक होगा।'
उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'इस अहम दौर में मैं आपसे और अन्य सभी कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रचार के लिए बचे कुछ घंटे का ज्यादा से ज्यादा बेहतर इस्तेमाल करने का अनुरोध करता हूं। साथ ही, मैं आपसे यह भी अनुरोध करता हूं कि आप अपने और अन्य लोगों के स्वास्थ्य भी ध्यान रखें। प्रधानमंत्री ने चिट्ठी के आखिर में कहा है, 'यह मोदी की गारंटी है कि हम 2047 के लिए चौबीस घंटे काम करेंगे।'