Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Phase 2: राजस्थान में दूसरे चरण में 13 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। सूबे में सियासी पारा गरम होता जा रहा है। इन दिनों राजस्थान में भीषण गर्मी भी पड़ रही है। सियासी दलों के स्टार प्रचारकों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव प्रचार का शोर आज शाम 6 बजे बंद हो जाएगा। दूसरे चरण के तहत टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा, जालौर और झालावाड़-बारां लोकसभा क्षेत्रों में 26 अप्रैल को मतदान होना है। मतगणना पूरे देश में एक साथ 4 जून को होगी। इन 13 लोकसभा सीटों पर 152 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं।
राजस्थान में दूसरे चरण में कुछ हाईप्रोफाइल सीटें ऐसी हैं। जहां मुकाबला रोमांचक है। कई बड़े नामों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। इसके चलते राजस्थान चुनाव के दूसरे चरण की सीटों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। देखना यह है कि साल 2024 के चुनाव में राजस्थान का सियासी ऊंट किस करवट बैठता है? दूसरे चरण में 13 सीटों पर कांग्रेस के 12 उम्मीदवार हैं। एक सीट पर उन्होंने दूसरी पार्टी को समर्थन दिया है।
दूसरे चरण में 5 सीटों पर सभी की निगाहें
राजस्थान के इन 13 सीटों पर 5 सीटें ऐसी है जिस पर दंगल टक्कर का है। इन 5 सीटों पर दोनों ओर से उम्मीदवार मजबूत हैं। एक दूसरे को टक्कर दे रहे हैं। इसमें जोधपुर लोकसभा सीट है। जिस पर बीजेपी की ओर से गजेंद्र सिंह शेखावत है और कांग्रेस की ओर करण सिंह उजियारड़ा है। दोनों के बीच कड़ी टक्कर बताई जा रही है। वहीं कोटा-बूंदी लोकसभा सीट पर बीजेपी के ओम बिड़ला और कांग्रेस के प्रहलाद गुंजल के बीच टक्कर है। जालोर-सिरोही सीट काफी अहम मानी जा रही है। इसकी वजह ये है कि इस सीट पर कांग्रेस से अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत है जबकि बीजेपी की ओर से लुंबाराम चौधरी मैदान में हैं। इसके बाद बांसवाड़ा-डूंगरपुर सीट भी चर्चाओं में हैं। यहां बीजेपी से महेंद्रजीत सिंह मालवीय हैं तो दूसरी ओर BAP से राजकुमार रोत है। रोत को कांग्रेस का समर्थन मिला हुआ है। इस सीट पर भी टक्कर देखी जा रही है।
बारमेड-जैसलमेर सीट बन गई हॉट सीट
वहीं सबसे चर्चित सीट बारमेड़-जैसलमेर सीट है, यहां त्रिकोणीय मुकाबला है। सबसे ज्यादा चर्चाओं में निर्दलीय उम्मीदवार रविंद्र सिंह भाटी हैं। इन्होंने बीजेपी और कांग्रेस दोनों की नींद उड़ा रखी है। यहां बीजेपी की ओर से कैलाश चौधरी और कांग्रेस से उमेदाराम बेनीवाल मैदान में हैं। उम्मेदा राम बेनीवाल की यहां अच्छी पकड़ है। ऐसे में रविंद्र भाटी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।