देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों लोकसभा के चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। रोजाना कई राज्यों का दौरा कर रहे हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (12 मई 2024) पश्चिम बंगाल का दौरा किया। राज्य के बैरकपुर में पीएम मोदी ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले TMC सरकार पर CAG की रिपोर्ट आई थी। इस रिपोर्ट में कहा गया कि TMC ने 2,30,000 करोड़ रुपए का कोई हिसाब ही नहीं दिया है। CAG कह रही है यह पैसे कैसे और कहां खर्च हुए? इसका कोई हिसाब नहीं है। TMC कितनी भ्रष्ट पार्टी है इसका उदाहरण है 'टीचर भर्ती घोटाला।
टीचर भर्ती के लिए राज्य सरकारने रेट कार्ड बनाए थे, रेट कार्ड बाज़ारों में बेचे जाते थे और पदों की बोली लगती थी, इस घोटाले के लिए शीट चलाए गए और फर्जी इंटरव्यू किए गए। कोर्ट को भी कहना पड़ गया कि इस घोटाले के पीछे सरकारी मशीनरी है।
बंगाल में घुसपैठिए फल फूल रहे हैं – पीएम मोदी
जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि एक समय था, जब बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में ये अपना बड़ा योगदान देता था। एक समय था, जब बंगाल में एक से बढ़कर एक नए वैज्ञानिक खोज हुआ करती थी। आज टीएमसी के राज में जगह-जगह बम बनाने की होम इंडस्ट्री चल रही है। आज टीएमसी के संरक्षण में यहां घुसपैठिए फल-फूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि संदेशखाली में क्या हो रहा है उसे देश देख रहा है। संदेशखाली के गुनहगार को पहले TMC की पुलिस ने बचाया। अब नया खेल शुरू किया है, TMC के गुंडे संदेशखाली में बहनों को डरा-धमका रहे हैं। इसकी वजह ये है कि उनके अत्याचारी का नाम शाहजहां शेख है। उसके घर से बम-बंदूक निकल रहे हैं। लेकिन वोट बैंक को खुश करने के लिए TMC उसे क्लीन चिट दिलवाने में जुटी हुई है।
बंगाल में हुई लूट का मोदी पाई-पाई हिसाब लेगा
पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी बंगाल में हुई लूट की पाई-पाई का हिसाब लेगा। ये जो नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। इनके मालिकों को छोड़ा नहीं जाएगा। मैं भ्रष्टाचार के पीड़ित और बंगाल वालों को कहूंगा कि कोई भी भ्रष्टाचारी बचने वाला नहीं है। जिनके घरों से करोड़ो रुपये बरामद हो रहे हैं। इसके गरीबों में बांटने के लिए मोदी रास्ता खोज रहा है। विकसित भारत के लिए विकसित बंगाल जरूरी है।
पीएम मोदी ने बंगाल के लोगों को दी पांच गारंटी
1 – पीएम मोदी ने कहा कि जब तक मोदी है, धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा।
2 - SC, ST और OBC का आरक्षण कोई खत्म नहीं कर पाएगा।
3 - राम नवमी मनाने से भगवान राम की पूजा से कोई आपको रोक नहीं पाएगा।
4 - राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला कोई पलट नहीं पाएगा।
5 - CAA कानून को कोई भी रद्द नहीं कर पाएगा।